खेलो इंडिया युवा खेलों का तीसरा सत्र बुधवार को यहां रंगारंग समारोह के साथ संपन्न हो गया। महाराष्ट्र की टीम इन खेलों की चैंपियन बनी जिसने 78 स्वर्ण पदक सहित 256 पदक जीते।

गुवाहाटी. खेलो इंडिया युवा खेलों का तीसरा सत्र बुधवार को यहां रंगारंग समारोह के साथ संपन्न हो गया। महाराष्ट्र की टीम इन खेलों की चैंपियन बनी जिसने 78 स्वर्ण पदक सहित 256 पदक जीते। इस 13 दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान महाराष्ट्र ने 78 स्वर्ण, 77 रजत और 101 कांस्य पदक के साथ अपनी लगातार दूसरी खेलो इंडिया युवा खेल ट्राफी जीती। हरियाणा 200 पदक (68 स्वर्ण, 60 रजत और 72 कांस्य पदक) के साथ दूसरे जबकि दिल्ली 122 पदक (39 स्वर्ण, 36 रजत और 47 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हमारा लक्ष्य ओलंपिक पोडियम पर- सोनोवाल 
असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने समापन समारोह के दौरान कहा, ‘‘आपने हमें गौरवांवित किया। खेलो इंडिया युवा खेलों के लिए यहां आकर आपने गुवाहाटी और असम को विश्व मानचित्र पर प्रसिद्ध कर दिया। मैं तहेदिल से आपको धन्यवाद देता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य ओलंपिक पोडियम है। हम ओलंपिक में अधिकतम पदक जीतना चाहते हैं और यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है।’’

20 खेलों में 6800 खिलाड़ियों ने लिया भाग 
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि इस साल के विजेताओं में से भविष्य के चैंपियन निकलेंगे जो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और यहां तक कि ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, 2024 और 2028 ओलंपिक में। ’’समापन समारोह के दौरान चीन के वुशु मार्शल आर्ट्स कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। दस जनवरी को शुरू हुए इन खेलों में 37 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 6800 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इन खेलों में 20 खेलों की स्पर्धाओं का आयोजन किया गया।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)