एक नाबालिग छात्र ने बी-टेक की छात्रा के घर में घुसकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में अपने घर की बालकनी से कूदकर खुदकुशी कर ली।

नोएडा(Noida). गौतमबुद्ध नगर के थाना सेक्टर 58 के तहत आने वाले सेक्टर 61 की एक सोसाइटी के रहवासी एक नाबालिग छात्र ने बी-टेक की छात्रा के घर में घुसकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में अपने घर की बालकनी से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

छात्रा को पहले से जानता था आरोपी 
पुलिस उपाधीक्षक (नगर) पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-61 की इंद्रप्रस्थ सोसाइटी के ए-टॉवर में बीटेक की छात्रा (21) रहती है। उसी सोसाइटी के बी-टॉवर में रहने वाला 15 वर्षीय छात्र कल शाम 5:30 बजे के करीब छात्रा के फ्लैट में आया। छात्र ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर छात्रा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह छात्रा को पहले से जानता था। 

खुद को कमरे में बंद कर लगाई छत से छलांग 
अधिकारी ने बताया कि छात्रा की चीख सुनकर आसपास के लोग किशोर को पकड़ने के लिये दौड़े, लेकिन छात्र भागकर फ्लैट में घुस गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया उन्होंने कहा कि थोड़ी देर बाद छात्र ने अपने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी।

छात्रा की हालत नाजुक 
उपाधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र व छात्रा दोनों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बी- टेक की छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। अभी तक कत्ल की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]