असम के डिब्रूगढ़ जिले में बीती रात एक झोपड़ी में सिलेंडर फटने से लगी आग में एक ही परिवार के दो बच्चे समेत पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। 

डिब्रूगढ़ (Assam). असम के डिब्रूगढ़ जिले में बीती रात एक झोपड़ी में सिलेंडर फटने से लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ध्रुव बोरा ने शनिवार को बताया कि यह घटना डिब्रूगढ़ नगर में थर्मल कॉलोनी के पास निज कोडोमोनी में हुई। उन्होंने बताया कि खाना पकाने वाले गैस सिलेंडर में शुक्रवार देर रात डेढ़ बजे के करीब विस्फोट हुआ, जब वे सो रहे थे। साथ ही उन्होंने बताया कि घर में आग लग जाने की वजह से सभी की 'मौके पर ही जल कर मौत हो गई।' मृतकों की पहचान माया सोनार (50), बिशाल सोनार (19), शिब सोनार (5), शंकर सोनार (3) और नुनु (50) के तौर पर हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

जल गया पूरा सामान
बोरा ने बताया कि उनकी झोपड़ी और उसमें रखा सामान भी पूरी तरह जल गया। घटना के पीछे कोई और कारण होने की बात से इनकार करते हुए बोरा ने कहा कि पुलिस के वरिष्ठ कर्मी एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शुरुआती जांच शुरू कर दी है।

राज्य सरकार ने की 4 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने मृतकों के रिश्तेदारों के प्रति शोक प्रकट करते हुए जिला पुलिस उपायुक्त को घटना की जांच कराने का निर्देश दिया। राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक के करीबी रिश्तेदार को चार लाख रुपये का मुआवाजा देने की घोषणा की है।


[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]