कोच्चि हवाईअड्डे पर दुबई जाने वाले एक विमान के कम से कम 289 यात्रियों को रविवार को उड़ान भरने से कुछ देर पहले उतार लिया गया

कोच्चि: कोच्चि हवाईअड्डे पर दुबई जाने वाले एक विमान के कम से कम 289 यात्रियों को रविवार को उड़ान भरने से कुछ देर पहले उतार लिया गया। यात्रियों में से एक ब्रिटिश नागरिक के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कोचिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रवक्ता ने बताया कि यह यात्री 19 लोगों के उस समूह का हिस्सा है जो केरल के मुन्नार शहर में छुट्टियां मना रहा था और निगरानी में था।

सूचित किए बगैर हवाईअड्डा पर पहुंचे

उन्होंने बताया कि वह मुन्नार में अधिकारियों को सूचित किए बगैर कोच्चि हवाईअड्डा पहुंचने के लिए समूह में शामिल हो गया। उन्होंने बताया कि जब जांच के नतीजे आए तो अधिकारियों को मालूम चला कि वह कोच्चि हवाईअड्डे पर है और अमीरात के एक विमान से यात्रा कर रहा है। पहले तो उसके समूह के सभी 19 यात्रियों को उतारने का फैसला किया गया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अब बाकी के 270 यात्रियों को भी उतारने और उन्हें जांच के लिए अस्पताल भेजने का फैसला किया गया है।’’

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)