केरल के कोट्टाकुन्नू के पास बचावकर्मी एक मृत मां और बच्चे के दृश्य को देखकर खुद के आंसू रोक नहीं पाए।

केरल: पिछले कुछ दिनों में पूरे देश में बारिश के चलते हाहाकार मचा हुआ है। भारी बारीश के चलते देश के कई राज्य बाढ़ से जूझ रहे हैं और लोगों का जनजीवन अस्‍त-व्‍यस्‍त हो गया है। केरल में 8 से 12 अगस्त के बीच बाढ़ की वजह से 76 लोगों की मौत हो गई, वहीं, 58 लोग लापता हैं। 32 लोग घायल भी हुए हैं। भूस्‍खलन की वजह से भी कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और गुजरात में बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। इन राज्यों में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की जान गई है और 10 लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। इंसान, जानवर सभी बाढ़ की मार से बेहाल है। लोगों के मकान पानी में डूब चुके हैं।जानवरों की रहने की जगह भी जलमग्‍न हैं। इस कारण जानवर आबादी वाले इलाकों में घुस गए हैं। केरल के कोट्टाकुन्नू इलाके में दो दिन पहले बाढ़ आई थी और भीषण भूस्खलन हुआ था। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दोनों आ गए थे भूस्खलन की चपेट में

बचाव कार्य एवं तलाश अभियान में जुटे कर्मियों के सामने इसी दौरान एक मर्मस्पर्शी दृश्य सामने आया। कोट्टाकुन्नू के पास महिला और बच्चे का शव निकाला। खबरों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर मृतक महिला अपने डेढ़ साल के बेटे का हाथ थामे हुए अचानक भूस्खलन की चपेट में आ गई थी। मां और बच्चे का शव कीचड़ में दबा हुआ था। कई घंटे के तलाश अभियान के बाद रविवार को बचावकर्मियों ने महिला और उसके बच्चे का शव बरामद किया। मृत मां ने अपने कलेजे के टुकड़े के हाथ को कसकर पकड़ा हुआ था। दोनों ने हाथ इतनी कसकर पकड़ा था कि मौत के बाद भी उसे छुड़ा पाना मुश्किल हो रहा था। जिसने भी यह दृश्य देखा अपने आप को रोने से रोक नहीं पाया।