कश्मीर घाटी में घने कोहरे से निम्न दृश्यता के चलते श्रीनगर हवाई अड्डे पर सोमवार को लगातार तीसरे दिन उड़ान परिचालन निलंबित रहा और घाटी से सभी उड़ानें रद्द कर दी गयीं

श्रीनगर: कश्मीर घाटी में घने कोहरे से निम्न दृश्यता के चलते श्रीनगर हवाई अड्डे पर सोमवार को लगातार तीसरे दिन उड़ान परिचालन निलंबित रहा और घाटी से सभी उड़ानें रद्द कर दी गयीं। भारतीय विमानपत्तनम प्राधिकरण (एएआई) के अधिकारी ने कहा, ''श्रीनगर हवाई अड्डे पर लगातार तीसरे दिन सोमवार को सभी उड़ानें रद्द कर दी गयीं।''

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने कहा कि हवाईअड्डे पर घने कोहरे से दृश्यता कम हो गई जो विमान परिचालन के लिए अनूकूल नहीं है। अधिकारी ने कहा, ''हवाईअड्डे पर दृश्यता केवल 100 से 500 मीटर तक ही थी जबकि विमान परिचालन के लिए आवश्यक निम्न दृश्यता 1000-2000 मीटर होनी चाहिए। इसलिए सोमवार को कुल 26 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।''

हवाई अड्डे पर पिछले चार दिनों से उड़ान परिचालन बुरी तरह प्रभावित है। शुक्रवार को कई उड़ानें रद्द कर दी गयी थी जबकि शनिवार और रविवार को भी किसी उड़ान का परिचालन नहीं हुआ। 

रविवार को घाटी के ज्यादातर हिस्सों के घने कोहरे में लिपटे होने के कारण दृश्यता घट गयी। इससे खास कर वाहनचालकों को बड़ी परेशानी हुई।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)