कुछ दिन पहले छुट्टी पर आए जवान ने शनिवार रात अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शिरकत की जहां उसके कुछ दोस्तों के शराब में धुत्त हो जाने के बाद झड़प हुई और पार्टी में आए एक व्यक्ति ने जवान को चाकू मार दिया।

हैदराबाद. तेलंगाना के वारंगल जिले में जन्मदिन पार्टी के दौरान अर्धसैनिक बल के एक जवान की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्राथमिक जांच के आधार पर बताया कि शनिवार रात जिले के नरसमपेट नगर में जन्मदिन पार्टी में आए एक व्यक्ति ने एच प्रेम कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी।

अधिकारी ने कहा कि जवान को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे हैदराबाद में एक अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

अधिकारी ने कहा, "उपलब्ध जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले छुट्टी पर आए जवान ने शनिवार रात अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शिरकत की जहां उसके कुछ दोस्तों के शराब में धुत्त हो जाने के बाद झड़प हुई और पार्टी में आए एक व्यक्ति ने जवान को चाकू मार दिया।"

अधिकारी ने कहा कि घटना के पीछे की सटीक वजह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।

(यह खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की है। एशियानेट हिंदी की टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)