राजस्थान के सीकर से पक्षी प्रेम का एक अलग ही मामला सामने आया है। जहां शहर के रहने वाले डॉ. वीके जैन का तोता अचानक गायब हो गया। उसकी याद में पत्नी ने खाना तक छोड़ दिया। इतना ही नहीं तोते का पता बताने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की है।

सीकर (राजस्थान). कई ऐसे लोग होते हैं जिनको पक्षियों से इतना लगाव हो जाता है कि वह उनके बिना एक पल भी नहीं रह सकते हैं। राजस्थान के सीकर से पक्षी प्रेम का एक अलग ही मामला सामने आया है। जहां शहर के रहने वाले डॉ. वीके जैन का तोता अचानक गायब हो गया। उसकी याद में पत्नी ने खाना तक छोड़ दिया। इतना ही नहीं डॉक्टर साहब ने उसको खोजने के लिए अखबार में विज्ञापन तक दिया। साथ तोते का पता बताने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक बार ऐसे उड़ा की वापस नहीं लौटा
दरअसल, तीन दिन पहले डॉक्टर की पत्नी डॉ. अर्चना अपने घर में पाले हुए तोते को छत पर सेब खिला रही थीं। इसी दौरान वह उड़ गया और फिर दोबारा वापस नहीं लौटा। पति-पत्नी अपने परिवार के साथ उसे पूरे शहर में तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। आखिर में परेशान होकर उन्होंने तोते की मिसिंग होने का एड अखबार के फ्रंट पेज पर छपवाया। इतना ही नहीं शहर में पोस्टर-पैम्फ्लेट बंटवाए, सोशल मीडिया पर भी उसकी फोटो शेयर कर लोगों को इसका मैसेज दिया। बता दें कि इस अनोखे तोते को डॉक्टर के परिवार के लोग के अलावा उनके अस्पताल भी स्टाफ दिन-रात ढूंढ रहा है।

दो साल पहले 80 हजार में खरीदा था ये खास तोता
डॉ. जैन ने तोते के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हम दो साल पहले इस अफ्रीकन ग्रे कलर के दो तोतों का जोड़ा 80 हजार रुपए में खरीदकर लाए थे। जिसमें एक तोते का नाम कोको रखा था। वह इतने कम समय में हमारे घर के सदस्य की तरह बन गया था। उसे परिवार के लोग अपने बच्चे की तरह प्यार करते थे। हम जब नौकरी करके ऑफिस या अस्पताल से घर आते तो उसकी आवज सुनकर सुकून मिलता था। लेकिन अब उसके जाने से पूरा घर सूना हो गया है।

तोते की याद में घर का हर सदस्य बहा रहा आंसू
परिवार ने बताया कि यह तोता उनके साथ ही सुबह-शाम खाना खाता था। वह एक हजार से ज्यादा शब्द बोलता है। जो घर का कोई भी सदस्य उससे कुछ भी पूछे वह उसका अपने अंदाज में जवाब देता था। उसको हम सिरिंज से जूस और दूध पिलाते थे। लेकिन उसके जाने से हम ही नहीं हमारे बेटा-बहू भी उदास हैं। पत्नी ने तो खाना पीना तक छोड़ दिया है। अगर कोई हमें इस तोते के बारे में पता बताएगा या लाकर देता है तो हम खुशी-खुशी उसे एक लाख रुपए का इनाम देंगे।