राजस्थान के सीकर जिलें गांव यात्रा पर  निकले प्रदेश सीएम अशोक गहलोत के बयान के कई सियासी मायने निकाले जा रहे है। वहीं राज्य में मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार खुद को मान रहे है। मीडिया में कहा- आलाकमान जो आदेश देगा वह अनुशासित सिपाही की तरह मानेंगे।

सीकर. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर केंद्र से कांग्रेस की कमान संभालने के कयासों के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस सवाल के जवाब को सोमवार के दिन फिर उलझा दिया। शेखावाटी दौरे पर आए सीएम ने इसे लेकर चूरू के राजगढ़ में अलग तथा सीकर के खोटिया गांव में अलग- अलग संकेत दिए। राजगढ़ में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि देश में फासीवाद बढ़ रहा है। ऐसे में विपक्ष को मजबूर करना जरूरी है। इसके लिए आलाकमान उन्हें जो भी आदेश देगा उसे वे अनुशासित सिपाही की तरह मानेंगे। दूसरी तरफ खोटिया गांव में उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस के अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर अप्रत्यक्ष रूप से खुद को ही दावेदार बताया। उन्होंने चुटकी लेते हुए पत्रकारों से कहा कि क्या ये भी कोई पूछने वाला सवाल है? आप खुद ही 25 गांवों में सर्वे करवा लो। जिसे भी जनता चाहेगी वही मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने मंच से भी कहा कि वे अपनी अंतिम सांस तक राजस्थान के लोगों की सेवा करेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री के इन दोनों बयानों ने उनके कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के सवालों को फिर पेचीदा कर दिया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दोनों बयानों के अलग- अलग मायने
सीएम के दोनों बयानों के अलग अलग मायने भी निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक समीक्षकों का एक पक्ष इसे जहां उनके प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहने से जोड़कर देख रहा है तो दूसरे पक्ष का ये भी कहना है कि उनका राजगढ़ का बयान उनके कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने व खोटिया का बयान उसके साथ ही मुख्यमंत्री बने रहने का इशारा कर रहा है।

सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद से कयास
गौरतलब है कि सीएम अशोक गहलोत की 23 अगस्त को कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात हुई थी। जिसके बाद से ही गहलोत को कांग्रेस की कमान संभालने की चर्चाओं ने जोर पकड़ रखा है। कहा जा रहा है कि इस बैठक में सोनिया गांधी ने सीएम गहलोत को कांग्रेस के मुखिया का पद संभालने के लिए कहा है। जिसकी औपचारिक घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी।

राष्ट्रीय ग्रामीण ओलंपिक खेलों का किया उद्घाटन
सीएम गहलोत सोमवार को राजगढ़ व खोटिया में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक के ब्लॉक स्तरीय खेलों का उद्घाटन करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने कई विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया।

यह भी पढ़े- गैंगस्टर के खिलाफ राजस्थान में NIA का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन, क्यो पड़ रही रेड, क्या है पूरा मामला