When Is Guru Nanak Jayanti in 2026: गुरु नानक जयंती 2026 कब मनाई जाएगी? जानें डेट, 557वें प्रकाश पर्व का महत्व, गुरु नानक देव जी की अनमोल शिक्षाएं समेत जरूरी डिटेल्स।

Guru Nanak Jayanti 2026: सिख धर्म के सबसे बड़े त्योहारों में शामिल गुरु नानक जयंती हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाता है। यह पर्व सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिन देश-विदेश के गुरुद्वारों में विशेष अरदास, कीर्तन और लंगर का आयोजन होता है। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि 2026 में गुरु नानक जयंती कब है, इस बार कौन-सी जयंती मनाई जाएगी और इस पर्व का क्या महत्व है, तो यहां जानिए पूरी जानकारी।

2026 में कब मनाई जाएगी गुरु नानक जयंती?

साल 2026 में गुरु नानक जयंती 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। इसी दिन कार्तिक पूर्णिमा भी है। इस अवसर पर गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती मनाई जाएगी। गुरु नानक जयंती को गुरु नानक प्रकाश पर्व और प्रकाश उत्सव के नाम से भी जाना जाता है।

ये भी पढ़ें- Tulsi Vivah Bhajan Lyrics: ये 5 सुमधुर भजन गाकर करें तुलसी-शालिग्राम विवाह, यादगार बनाएं ये उत्सव

गुरु नानक जयंती पर कैसे होती हैं खास तैयारियां?

गुरु नानक जयंती का उत्सव आमतौर पर तीन दिनों तक चलता है। इसकी शुरुआत गुरुद्वारों में अखंड पाठ से होती है। इसमें गुरु ग्रंथ साहिब का लगातार 48 घंटे तक पाठ किया जाता है। मुख्य पर्व से एक दिन पहले नगर कीर्तन निकाला जाता है। इसमें पंज प्यारे अगुवाई करते हैं और श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए शामिल होते हैं।

सुबह प्रभात फेरी निकालने की भी परंपरा

गुरु नानक जयंती के दिन सुबह प्रभात फेरी निकाली जाती है। इसके बाद गुरुद्वारों में विशेष अरदास, शबद कीर्तन और कथा का आयोजन होता है। दिन का समापन लंगर के साथ होता है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।

ये भी पढ़ें- Devuthani Ekadashi Geet Lyrics: ‘उठो देव बैठो देव’ गीत गाकर जगाएं भगवान विष्णु को, यहां पढ़ें पूरे लिरिक्स

कौन थे गुरु नानक देव जी और क्या थीं उनकी प्रमुख शिक्षाएं?

गुरु नानक देव जी का जन्म 1469 में तलवंडी में हुआ था, जिसे आज पाकिस्तान के ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है। उनके पिता का नाम मेहता कालू और माता का नाम माता तृप्ता देवी था। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज में फैली ऊंच-नीच, जात-पात और धार्मिक भेदभाव को खत्म करने का संदेश देने में लगाया। उनकी वाणी के 974 शबद गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल हैं। उनकी शिक्षाओं का आधार तीन प्रमुख सिद्धांत हैं-

  • नाम जपो: ईश्वर का स्मरण और सच्चे मन से उसकी भक्ति करें।
  • किरत करो: ईमानदारी और मेहनत से अपनी आजीविका कमाएं।
  • वंड छको: अपनी कमाई और भोजन जरूरतमंदों के साथ बांटें।

उनका प्रसिद्ध संदेश 'एक ओंकार सतनाम' एक ईश्वर और सत्य की अवधारणा को दर्शाता है।

भारत ही नहीं, विदेशों में भी मनाया जाता है प्रकाश पर्व

गुरु नानक जयंती का उत्साह सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। ब्रिटेन, अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में सिख समुदाय के लोग गुरुद्वारों में मत्था टेकते हैं और कीर्तन व सेवा में हिस्सा लेते हैं। इस पर्व का सबसे बड़ा संदेश यही है कि इंसान की पहचान उसके धर्म या जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होनी चाहिए।