Hari-Har Milan 2026: उज्जैन में कईं अनोखी परंपराएं निभाई जाती हैं, हरि-हर मिलन की परंपरा भी इनमें से एक है। इस परंपरा में बाबा महाकाल पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर जाते हैं और प्रतीकात्मक रूप से सृष्टि का भार कान्हाजी को सौंपते हैं।

Hari-Har Milan Tradition: मध्य प्रदेश के उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी पर 22 नवंबर, रविवार रात हरि-हर मिलन की परंपरा निभाई गई। इस खास मौके पर बाबा महाकाल चांदी की पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर पहुंचे। यहां भगवान द्वारकाधीश और महाकाल का विशेष पूजन किया गया। इस अद्भुत धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

YouTube video player

रात 11 बजे महाकाल मंदिर से निकली सवारी

वैकुंठ चतुर्दशी की रात करीब 11 बजे बाबा महाकाल की सवारी महाकालेश्वर मंदिर से रवाना हुई। भगवान मनमहेश स्वरूप में चांदी की पालकी में विराजमान थे। सवारी महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार से होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बाबा महाकाल का स्वागत किया। कई जगह भक्त पहले से ही सड़क पर फूल बिछाकर सवारी के आने का इंतजार कर रहे थे।

ये भी पढ़ें-
Hari-Har Milan Ujjain: 10 तस्वीरों में देखें हरि-हर मिलन का नजारा, उज्जैन में निभाई गई अनोखी परंपरा

तुलसी और बिल्वपत्र की मालाओं का हुआ आदान-प्रदान

गोपाल मंदिर पहुंचने पर भगवान महाकाल और भगवान द्वारकाधीश का वैदिक मंत्रों के बीच पूजन किया गया। दोनों देवताओं का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक भी हुआ। इसके बाद परंपरा के अनुसार बाबा महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई, जबकि भगवान द्वारकाधीश की ओर से महाकाल को तुलसी की माला पहनाई गई।

बाबा महाकाल ने सौंपा सृष्टि का भार

धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चातुर्मास के चार महीनों तक सृष्टि के संचालन की जिम्मेदारी भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी की रात बाबा महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचते हैं और प्रतीकात्मक रूप से सृष्टि का दायित्व भगवान विष्णु को वापस सौंपते हैं।

शैव और वैष्णव परंपराओं की एकता का संदेश

उज्जैन में हरि-हर मिलन की परंपरा को सौ साल से भी अधिक पुराना बताया जाता है। यह आयोजन भगवान शिव और विष्णु के एकात्म भाव के साथ शैव और वैष्णव संप्रदायों के बीच आपसी प्रेम और समन्वय का संदेश देता है। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।