motivational story in hindi: अपने जीवन में सुख और शांति तो हर व्यक्ति चाहता है, लेकिन इसके लिए उसे क्या करना चाहिए, ये बात बहुत कम लोगों को पता होती है। इसके लिए सबसे पहले आपको अपने मन को निर्मल करना होगा यानी बुरे विचारों को बाहर निकालना होगा।

short motivational story in hindi: हर व्यक्ति अपने जीवन में सुख, शांति और संतोष चाहता है, लेकिन इसे पाने का सही तरीका बहुत कम लोग समझ पाते हैं। अक्सर इंसान बाहरी चीजों में खुशी ढूंढता है, जबकि असली शांति हमारे मन की स्थिति पर निर्भर करती है। जब तक मन में क्रोध, लोभ, ईर्ष्या और नकारात्मक विचार भरे रहते हैं, तब तक जीवन में सुकून मिल पाना मुश्किल होता है। Asianet News Hindi की Motivational Story सीरीज में आज पढ़िए एक ऐसा प्रेरणादायक प्रसंग, जो बताता है कि सच्ची शांति पाने के लिए सबसे पहले अपने मन की सफाई जरूरी है।

ये भी पढ़ें-
Motivational Story: पागलखाने की ये कहानी हंसने पर कर देगी मजबूर, बदल देगी सोचने का नजरिया

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

साधु ने महिला को बताया सच्चे सुख का उपाय

एक साधु प्रतिदिन लोगों के घर जाकर भिक्षा मांगते थे और उसी से अपना जीवन चलाते थे। एक दिन वे एक घर के बाहर पहुंचे और भिक्षा मांगी। घर की महिला भोजन लेकर आई। भोजन देते समय उसने साधु से पूछा, “महाराज, जीवन में सच्चा सुख और मानसिक शांति कैसे मिल सकती है? कौन-सी पूजा करने से मन की बेचैनी खत्म होती है?”

ये भी पढ़ें-
Motivational Story: राजा भी नहीं समझ पाया तीन पुतलों का रहस्य, मंत्री ने ऐसे सुलझाई पहेली

साधु मुस्कुराए और बोले, “तुम्हारे सवाल का जवाब मैं कल दूंगा।”

अगले दिन महिला साधु के आने का इंतजार करने लगी। उसने पूरे घर की अच्छी तरह सफाई की, स्वादिष्ट खीर बनाई और साधु के बैठने के लिए एक साफ-सुथरा ऊंचा आसन तैयार किया।

कुछ देर बाद साधु वहां पहुंचे और भिक्षा मांगी। महिला बहुत सम्मान के साथ उन्हें घर के अंदर बुलाने लगी, लेकिन साधु ने अंदर आने से मना कर दिया। उन्होंने अपना कमंडल आगे बढ़ाया और कहा, “खीर इसमें डाल दो।”

जैसे ही महिला ने कमंडल में खीर डालने की कोशिश की, उसने देखा कि कमंडल के अंदर धूल-मिट्टी और कचरा भरा हुआ है।

महिला ने तुरंत कहा, “महाराज, यह कमंडल तो गंदा है। अगर इसमें खीर डालूंगी तो खीर खराब हो जाएगी।”

साधु ने शांत स्वर में कहा, “कोई बात नहीं, तुम इसी में खीर डाल दो।”

महिला बोली, “नहीं महाराज, पहले मैं इसे साफ करूंगी, तभी इसमें खीर डालना ठीक होगा।”

तब साधु ने समझाया, “यही तुम्हारे सवाल का जवाब है। जिस तरह गंदे बर्तन में अच्छा भोजन नहीं रखा जा सकता, उसी तरह जिस मन में क्रोध, लालच, ईर्ष्या, मोह और नकारात्मक विचार भरे हों, वहां शांति और ज्ञान नहीं टिक सकते। पहले मन को साफ करना जरूरी है, तभी जीवन में सुख और शांति आती है।”

कहानी की सीख

जब तक मन बुरी भावनाओं और इच्छाओं से भरा रहेगा, तब तक सच्ची खुशी नहीं मिल सकती। सकारात्मक सोच और पवित्र मन ही शांत और सुखी जीवन की कुंजी है।