Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य भारत के महान विद्वानों में से एक थे। उनकी नीतियां आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने अपनी एक नीति में 7 ऐसे लोगों के बारे में बताया है जो यदि सो रहे हैं तो उन्हें तुरंत उठा देना चाहिए। 

Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य के बारे में हम सभी जानते हैं। जब हमारा भारत देश अलग-अलग जनपदों में बंटा हुआ था, उस समय उन्होंने ही जन-जन में राष्ट्र भक्ति की अलख जगाई और लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों को बोध करवाया। आचार्य चाणक्य ने कई ग्रंथ लिखे, नीति शास्त्र भी इनमें से एक है। नीति शास्त्र को ही चाणक्य नीति भी कहते हैं। नीति शास्त्र में आचार्य चाणक्य ने लाइफ मैनेजमेंट के अनेक सूत्रों के बारे में बताया है। चाणक्य नीति के एक श्लोक में 7 ऐसे लोगों के बारे में बताया है जो यदि सो रहे हैं तो उन्हें तुरंत उठा देना चाहिए। आगे जानिए कौन हैं वो 7 लोग…

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चाणक्य नीति का श्लोक
विद्यार्थी सेवकः पान्थः क्षुधार्तो भयकातरः।
भण्डारी प्रतिहारी च सप्त सुप्तान् प्रबोधयेत्॥
अर्थ- विद्यार्थी, नौकर, राहगीर, भूखा व्यक्ति, भयभीत, रसोइया तथा सुरक्षा कर्मी, ये 7 अगर सो रहे हो तो उन्हें तुरंत उठा देना चाहिए।

विद्यार्थी को ज्यादा देर सोने न दें

आचार्य चाणक्य के अनुसार, विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए। स्टूडेंट्स का एक मात्र उद्देश्य पढ़ाई करना होता है, इसलिए यदि कहीं भी कोई विद्यार्थी सोता हुआ दिखाई दे तो उसे उठा देना चाहिए। यही उसके लिए बेहतर है। स्टूडेंट्स के कंधों पर राष्ट्र को आगे ले जाने की जिम्मेदारी होती है। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के समय सोना नहीं चाहिए, ऐसा करना देश हित में नहीं होता।

सोते हुए नौकर को भी उठा दें

आचार्य चाणक्य के अनुसार, यदि कोई नौकर अपना काम छोड़कर सो रहा हो तो उसे तुरंत ही जगा देना चाहिए क्योंकि अगर मालिक ने उसे ऐसा करते हुए देख लिया तो मालिक उस पर नाराज हो सकता है। हो सकता है मालिक उसे नौकरी से भी निकाल दें। इसलिए नौकर को भी चाहिए कि वह पहले सभी जरूरी काम कर लें और उसके बाद ही आराम करे।

राहगीर को नींद से उठा दें

कई बार राहगीर अधिक थकान के कारण रास्ते में ही सो जाते हैं और वे समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते। इसलिए हमें चाहिए कि रास्ते में यदि कोई राहगीर सोता हुआ दिखाई दे तो उसे तुरंत उठा दें। ऐसा करने से हम उसकी मदद ही करेंगे। यदि राहगीर रास्ते मे सोता रह गया तो उसका सामान भी चोरी हो सकता है।

भूखे व्यक्ति को उठाकर भोजन करवाएं

यदि कोई भूखा व्यक्ति सो रहा है तो मानवता के नाते उसे नींद से उठाकर भोजन करवाना चाहिए। ऐसी स्थिति में वो हमें धन्यवाद ही देगा। कईं बार स्थिति-परिस्थिति के चलते व्यक्ति भूखा ही सो जाता है, ऐसे लोगों को भोजन करवाना बहुत ही पुण्य का काम होता है। ऐसे काम में बिल्कुल भी हिचकिचाना नहीं चाहिए।

भयभीत व्यक्ति को उठाकर सहारा दें

अगर कोई व्यक्ति किसी डर के कारण सो रहा हो या सोने का नाटक रहा हो तो उसे नींद से उठाकर सहारा देना चाहिए ताकि उसे थोड़ी राहत मिल सके। ऐसे लोगों को सहारा देना ही मानवता का कर्तव्य है। उन्हें जिस बात का भय हो, उसे भी दूर करने का प्रयास करना चाहिए।

रसोई बनाने वाले को सोने न दें

रसोई बनाने वाला यानी हलवाई का काम भी बड़ी जिम्मेदारी का होता है क्योंकि उसे उसके ऊपर हजारों लोगों को भोजन बनाने का दायित्व होता है। अगर हलवाई सोता रह जाएगा तो कई लोगों को सामने भोजन का संकट पैदा हो सकता है।

चौकीदार को भी नींद से जगा दें

चौकीदारी करना एक जिम्मेदारी का काम है क्योंकि लोगों के सामान की रक्षा करना उसका काम होता है। ऐसी स्थिति में उसका जागते रहना बहुत जरूरी है। रात भर जागकर चौकीदारी करना सहज नहीं है इसलिए कई बार व्यक्ति न चाहते हुए भी सो ही जाता है। अगर आपको कोई सोता हुआ चौकीदार दिख जाए तो उसे तुरंत उठा दें।


Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो ज्योतिषियों द्वारा बताई गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।