सार

Good Friday 2025: ईसाई धर्म में पवित्र सप्ताह के अंतर्गत आने वाले शुक्रवार को गुड फ्राइडे कहा जाता है। ईसाइयों के लिए ये दिन बहुत ही खास दिन होता है। इससे जुड़ी कईं मान्यताएं और परंपराएं भी हैं जो इसे खास बनाती हैं।

 

Good Friday 2025: ईसाई समुदाय के लोग अप्रैल महीने में पवित्र सप्ताह मनाते हैं। इस सप्ताह के अंतर्गत आने वाले शुक्रवार को गुड फ्राइडे कहा जाता है। ये फ्राइडे बहुत ही खास होता है क्योंकि ईसाई समुदाय के लोग इसे प्रभु यीशु के बलिदान के रूप में याद करते हैं। ईसाई समुदाय की मान्यता है कि इसी दिन प्रभु यीशु को सूली पर चढ़ाया गया था। जानें इस बार कब है गुड फ्राइडे और इससे जुड़ी खास बातें…

कब है गुड फ्राइडे 2025?

इस बार ईसाई समुदाय का पवित्र सप्ताह 14 से 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 18 अप्रैल को गुड फ्राइडे, 19 अप्रैल को होली सैटरडे और 20 अप्रैल को ईस्टर संडे मनाया जाएगा। ये तीनों ही दिन ईसाई समुदाय के लिए बहुत ही खास होते हैं जो प्रभु यीशु के बलिदान को याद दिलाते हैं।

जानें गुड फ्राइडे से जुड़ी मान्यता

गुड फ्राइडे से कईं मान्यताएं जुड़ी हुई हैं, उसी के अनुसार जब प्रभु यीशु यरुशलम आए तो इसके कुछ दिन बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और झूठा मुकद्मा चलाकर उन्हें मृत्यु दंड की सजा दी गई। जिस दिन यीशु की मृत्यु दंड दिया, उस दिन शुक्रवार था। तभी से ईसाई धर्म के लोग उनके बलिदान की याद में गुड फ्राइडे मनाते हैं।

गुड फ्राइडे पर क्या-क्या होता है?

1. गुड फ्राइडे के दिन ईसाई धर्म के लोगों चर्च में इकट्ठा होते हैं और विशेष प्रार्थना करते हैं।
2. इस दिन यीशु की शिक्षाओं को भी याद किया जाता है। कुछ लोग इस दिन फास्ट यानी उपवास भी रखते हैं।
3. इस दिन चर्च में धातु से बने घंटे नहीं बल्कि लकड़ी से बने विशेष वाद्य यंत्र बजाए जाते हैं।
4. गुड फ्राइडे के मौके पर कुछ लोग गरीबों को दान देकर इस दिन को सार्थक करते हैं।