Ajit Agarkar BCCI Dispute: अजीत अगरकर और बीसीसीआई के बीच कथित मतभेदों को लेकर नई रिपोर्ट सामने आई है। दावा है कि रोहित शर्मा के अलावा 2023 में जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड दौरे की कप्तानी देने को लेकर भी असहमति हुई थी। जानिए क्या है पूरा मामला।

Ajit Agarkar Controversy: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हैं। उनके कार्यकाल और एक्सटेंशन को लेकर कई तरह की रिपोर्ट सामने आ रही हैं। हालिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अगरकर और बीसीसीआई के बीच मतभेद सिर्फ रोहित शर्मा को लेकर नहीं थे, बल्कि जसप्रीत बुमराह की कप्तानी भी विवाद की एक वजह रही थी।

बुमराह की कप्तानी को लेकर हुआ था मतभेद

रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला अगस्त 2023 का है। उस समय भारतीय टीम को आयरलैंड दौरे पर जाना था। इसके बाद टीम को एशिया कप में भी हिस्सा लेना था। आयरलैंड दौरे के लिए कप्तान चुनने को लेकर अजीत अगरकर और बीसीसीआई की सोच अलग होने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, अगरकर चाहते थे कि ऋतुराज गायकवाड़ को टीम की कप्तानी दी जाए। वहीं, बीसीसीआई मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह को कप्तान बनाने के पक्ष में था। उस समय बुमराह लंबे समय तक चोट के कारण टीम से बाहर रहने के बाद वापसी कर रहे थे। बताया गया कि अगरकर को चिंता थी कि चोट से वापसी के तुरंत बाद बुमराह पर कप्तानी की एक्स्ट्रा जिम्मेदारी डालने से उनके वर्कलोड और फिटनेस पर असर पड़ सकता है। हालांकि, आखिर में बुमराह को ही आयरलैंड दौरे के लिए कप्तान बनाया गया।

और पढे़ं- अजीत अगरकर के बाद कौन संभालेगा टीम इंडिया की सेलेक्शन कमिटी? रेस में ये 5 बड़े नाम

BCCI के आधिकारिक ऐलान के मुताबिक, भारत की आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह कप्तान और ऋतुराज गायकवाड़ उप-कप्तान थे। बुमराह की कप्तानी में भारत ने सीरीज 2-0 से अपने नाम की, जबकि तीसरा मुकाबला बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका।

रोहित शर्मा से जुड़ा मामला भी आया सामने

अगरकर के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रोहित शर्मा से जुड़ा मामला भी सामने आया। हालिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि रोहित को लेकर सिलेक्शन कमेटी और बोर्ड के बीच मतभेद की स्थिति बनी थी। इसी विवाद ने अगरकर के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा दी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित के भविष्य और भारतीय टीम की आगे की योजनाओं को लेकर चर्चा के दौरान अगरकर और बोर्ड के बीच मतभेद सामने आए। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि इसी दौरान अगरकर ने बोर्ड अधिकारियों को अपने कॉन्ट्रैक्ट का एक्सटेंशन नहीं लेने की इच्छा के बारे में बताया। हालांकि, इन दावों के बीच एक अहम बात यह है कि अगरकर और बीसीसीआई के बीच हुए कथित मतभेदों की पूरी वजह को लेकर बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। वहीं, ताजा रिपोर्टों के मुताबिक अगरकर ने चीफ सेलेक्टर के तौर पर आगे एक्सटेंशन लेने से इनकार कर दिया है। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि नए चीफ सेलेक्टर को लेकर अभी आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।

अजीत अगरकर को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल

1. 2023 आयरलैंड दौरे पर भारत के कप्तान कौन थे?

जसप्रीत बुमराह भारत के कप्तान थे और ऋतुराज गायकवाड़ उप-कप्तान थे।

2. अगरकर बुमराह की कप्तानी के खिलाफ क्यों बताए जा रहे हैं?

रिपोर्टों के अनुसार, चोट से वापसी के तुरंत बाद बुमराह पर कप्तानी का अतिरिक्त वर्कलोड डालने को लेकर अगरकर चिंतित थे और ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाने के पक्ष में थे।

3. क्या अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म हो रहा है?

हालिया रिपोर्टों के अनुसार, अगरकर ने एक्सटेंशन लेने की इच्छा नहीं जताई है। BCCI की ओर से नए चीफ सेलेक्टर को लेकर अंतिम फैसला अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है।