Arjun Tendulkar News: अर्जुन तेंदुलकर ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर को लेकर बड़ा फैसला किया है। वह गोवा के साथ अपना सफर जारी रखेंगे। IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिले मौके के बाद अर्जुन अब अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी के दम पर अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
Arjun Tendulkar Domestic Cricket Team: सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उनके इंटरनेशनल डेब्यू का इंतजार अब भी जारी है। 26 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत मुंबई से की थी, लेकिन 2022-23 सीजन से पहले उन्होंने गोवा का रुख कर लिया। तब से वह गोवा की टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। हाल ही में गोवा के ओमान दौरे पर अर्जुन के नहीं जाने के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, अब अर्जुन ने गोवा के साथ अपने सफर को जारी रखने का फैसला किया है।
गोवा के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलेंगे अर्जुन
अर्जुन तेंदुलकर ने गोवा के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह टीम के नियमित सदस्य रहे हैं और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 50 से ज्यादा विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी बल्लेबाजी पर भी काफी काम किया है। रणजी ट्रॉफी में राजस्थान के खिलाफ अर्जुन ने शानदार शतक भी लगाया था। इस प्रदर्शन के बाद अर्जुन की पहचान सिर्फ सचिन तेंदुलकर के बेटे के रूप में नहीं, बल्कि एक ऑलराउंडर क्रिकेटर के तौर पर भी मजबूत हुई है। गोवा की टीम ने उन्हें लगातार खेलने और गेंदबाजी के साथ साथ बल्लेबाजी में अपनी क्षमता दिखाने का मौका दिया है। ऐसे में गोवा के साथ बने रहना उनके करियर के लिए अहम फैसला माना जा रहा है।
और पढे़ं- Arjun Tendulkar: पापा सचिन की राह पर अर्जुन, बल्ले का वजन जानकर चौंक गए ऋषभ पंत
IPL 2026 में मिला बड़ा मौका
अर्जुन तेंदुलकर को IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा बनने का मौका मिला। हालांकि, पूरे सीजन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। आखिरकार सीजन के आखिरी मुकाबले में उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरने का मौका मिला। इस मुकाबले में अर्जुन ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया। उनकी गेंदबाजी में खास तौर पर यॉर्कर देखने को मिलीं। मैच के बाद उनके पिता और महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी अर्जुन की तारीफ की। सचिन ने उनकी मेहनत, धैर्य और मुश्किल समय में पॉजिटिव बने रहने की सराहना की। सचिन तेंदुलकर के बेटे होने की वजह से अर्जुन पर हमेशा प्रेशर रहा है। हालांकि, अब वह धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। गोवा के साथ घरेलू क्रिकेट में लगातार खेलना और IPL में मिले मौकों का फायदा उठाना उनके करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
अर्जुन तेंदुलकर को लेकर पूछे जाने वाले सवाल
1: अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में किस टीम के लिए खेलते हैं?
अर्जुन तेंदुलकर गोवा की टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं।
2: क्या अर्जुन तेंदुलकर ने रणजी ट्रॉफी में शतक लगाया है?
हां, उन्होंने राजस्थान के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में शतक लगाया है।
3: IPL 2026 में अर्जुन तेंदुलकर ने कैसा प्रदर्शन किया?
पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लिया।
