बांग्लादेश ने पहले वनडे में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। नाहिद राणा के 5 विकेटों से पाकिस्तान 114 रन पर सिमट गया। जवाब में तंजीद हसन के नाबाद 67 रनों की मदद से बांग्लादेश ने 15.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

ढाका: बांग्लादेश ने पहले वनडे मैच में पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। ढाका में हुए इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तानी टीम 30.4 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा ने 5 विकेट लेकर पाकिस्तानी बैटिंग की कमर तोड़ दी। वहीं, मेहदी हसन मिराज को 3 विकेट मिले। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 37 रन हफीम अशरफ ने बनाए।

जवाब में मेजबान टीम ने सिर्फ 15.1 ओवर में 2 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। बांग्लादेश की इस तूफानी जीत के हीरो रहे तंजीद हसन तमीम, जिन्होंने 42 गेंदों पर 67 रन की नॉटआउट पारी खेली।

बांग्लादेश का पहला विकेट सैफ हसन (4) के रूप में तीसरे ओवर में ही गिर गया था। लेकिन इसके बाद तंजीद और नजमुल हुसैन शांतो (27) ने दूसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। हालांकि, 14वें ओवर में मोहम्मद वसीम ने शांतो को आउट कर दिया। इसके बाद तंजीद ने लिटन दास (3) के साथ मिलकर बांग्लादेश को जीत दिलाई। अपनी पारी में तंजीद ने 5 छक्के और 7 चौके लगाए।

इससे पहले, पाकिस्तान के लिए अशरफ के अलावा सिर्फ वनडे डेब्यू करने वाले साहिबजादा फरहान (27) और माज सदाकत (18) ही दहाई का आंकड़ा छू सके। पाकिस्तान की शुरुआत ठीक-ठाक रही थी। फरहान और सदाकत ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े थे। लेकिन 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर राणा ने फरहान को आउट कर अपना पहला विकेट लिया। इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई। राणा ने सदाकत, शमील हुसैन (4), मोहम्मद रिजवान (1) और सलमान आगा (5) को भी पवेलियन भेजा। पाकिस्तान का स्कोर 17.5 ओवर में 5 विकेट पर 69 रन हो गया।

इसके बाद हुसैन तलत (4), अब्दुल समद (0) और शाहीन अफरीदी को मेहदी हसन मिराज ने आउट किया। मोहम्मद वसीम (0) को तस्कीन अहमद ने चलता किया, जिससे पाकिस्तान का स्कोर 9 विकेट पर 82 रन हो गया। आखिरी विकेट के लिए अशरफ ने अबरार अहमद (0) के साथ 32 रन जोड़े, जिसने पाकिस्तान को बड़ी शर्मिंदगी से बचाया। 31वें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान ने अशरफ को आउट कर पाकिस्तानी पारी समेट दी।

बता दें कि बाबर आजम के बिना ही पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश दौरे पर आई है। टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद बाबर को वनडे टीम से बाहर कर दिया गया था।