IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को जेमी ओवरटन की चोट से बड़ा झटका लगा है। टीम पहले ही कई खिलाड़ियों की चोट से परेशान रही है। अब LSG के खिलाफ अहम मुकाबले में CSK को नया कॉम्बिनेशन बनाना होगा, जबकि लखनऊ तेज गेंदबाजी पर दांव लगा सकती है।

CSK vs LSG Match Preview: IPL 2026 के 59वें मैच में आज शुक्रवार 15 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला है। मौजूदा सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम जब भी वापसी करती दिखाई देती है, कोई नई चोट उसकी मुश्किलें बढ़ा देती है। अब ऑलराउंडर जेमी ओवरटन की जांघ की चोट ने टीम को बड़ा झटका दिया है। ओवरटन ने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने थे। लेकिन अब उनकी चोट ने CSK की प्लेऑफ की उम्मीदों को मुश्किल में डाल दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Jamie Overton Injury: CSK के लिए क्यों बड़ा नुकसान?

जेमी ओवरटन इस सीजन में CSK के सबसे उपयोगी खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने सिर्फ विकेट ही नहीं लिए, बल्कि बीच और आखिरी ओवरों में किफायती गेंदबाजी भी की। इसके अलावा निचले क्रम में तेजी से रन बनाकर उन्होंने टीम को कई बार मजबूत फिनिश दिलाई। इस सीजन में उनका स्ट्राइक रेट 158.13 रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दिखाता है। CSK ने पिछले 5 मैचों में चार जीत दर्ज कर शानदार वापसी की थी और टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान तक पहुंच गई थी। लेकिन ओवरटन की चोट ने अब टीम का संतुलन बिगाड़ दिया है।

IPL 2026 में CSK लगातार चोटों से परेशान

चेन्नई सुपर किंग्स को इस पूरे सीज़न में चोटों की समस्या से जूझना पड़ा है। लगातार चोटों की वजह से टीम को बार-बार अपना प्लेइंग कॉम्बिनेशन बदलना पड़ रहा है।

  • IPL शुरू होने से पहले नाथन एलिस चोटिल हो गए थे।
  • डेवाल्ड ब्रेविस शुरुआती तीन मैच नहीं खेल पाए।
  • खलील अहमद अच्छी शुरुआत के बाद चोटिल हो गए।
  • आयुष म्हात्रे भी टीम से बाहर हुए।
  • अब जेमी ओवरटन भी चोट के कारण बाहर हो गए हैं।

CSK Middle Order बना चिंता का कारण

इस सीजन में CSK का टॉप ऑर्डर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन मिडिल ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक योगदान नहीं दे पाया है। डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे से टीम को बड़े रन और मैच जिताने वाली पारियां चाहिए थीं, लेकिन दोनों खिलाड़ी लगातार प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। ऐसे में ओवरटन की मौजूदगी टीम को बल्लेबाजी में अतिरिक्त मजबूती देती थी। उनके बाहर होने के बाद CSK को बल्लेबाजी की गहराई या गेंदबाज़ी की ताकत में से किसी एक से समझौता करना पड़ सकता है।

CSK के सामने ओवर्टन के रिप्लेसमेंट की चुनौती

CSK के पास ओवरटन जैसा सीधा विकल्प मौजूद नहीं है। मैट हेनरी ने सीज़न की शुरुआत में संघर्ष किया था, इसलिए टीम स्पेंसर जॉनसन को मौका दे सकती है, अगर वे उपलब्ध रहते हैं। हालांकि ऐसा करने से बल्लेबाज़ी थोड़ी कमजोर हो सकती है। टीम ने दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर डियान फॉरेस्टर को ओवरटन के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया है, लेकिन वे शुक्रवार के मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

प्लेऑफ की रेस में CSK के लिए बेहद अहम मुकाबला

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आने वाले तीन मैच बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। टीम अगर प्लेऑफ में पहुंचना चाहती है, तो उसे नए कॉम्बिनेशन के साथ जल्दी तालमेल बैठाना होगा। वहीं LSG भले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हो, लेकिन टीम अपने बाकी मैच जीतकर सीजन का अंत सकारात्मक तरीके से करना चाहेगी।

LSG Playing XI: मोहसिन खान की हो सकती है वापसी

लखनऊ की पिच को देखते हुए LSG अपनी टीम में तेज गेंदबाज मोहसिन खान को शामिल कर सकती है। संभावना है कि दिग्विजय राठी की जगह मोहसिन खान को मौका दिया जाए। इसके अलावा टीम पिछले मैच वाली प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहेगी।

Lucknow Pitch Report: तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद

यह मुकाबला पिच नंबर 4 पर खेला जाएगा। IPL 2026 में इस पिच पर अब तक दो कम स्कोर वाले मैच खेले जा चुके हैं। LSG को इस पिच पर काफी संघर्ष करना पड़ा है। टीम यहां 141 और 119 रन पर ऑल आउट हो चुकी है और दोनों मुकाबलों में हार मिली थी। इन दो मैचों में गिरे 30 विकेटों में से 23 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए थे। इससे साफ है कि इस सतह पर पेसर्स को अच्छी मदद मिल सकती है। हालांकि, 2024 के बाद इस पिच पर खेले गए IPL मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों का इकॉनमी रेट 9.35 रहा है, जबकि तेज गेंदबाजों का इकॉनमी 9.51 रहा। यानी दोनों तरह के गेंदबाजों को यहां कुछ न कुछ मदद मिलती रही है।

LSG vs CSK: लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम

आज लखनऊ में होने वाले मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मैच के दौरान तापमान 28 से 34 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG संभावित XII)

जोश इंग्लिस

मिचेल मार्श

निकोलस पूरन

ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर)

एडेन मार्करम

अक्षत रघुवंशी

शाहबाज़ अहमद

हिम्मत सिंह

मोहम्मद शमी

आवेश खान

प्रिंस यादव

मोहसिन खान / दिग्विजय राठी

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK संभावित प्लेइंग XII)

रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान)

संजू सैमसन (विकेटकीपर)

उर्विल पटेल

कार्तिक शर्मा

डेवाल्ड ब्रेविस

शिवम दुबे

प्रशांत वीर

अकील होसेन

अंशुल कंबोज

स्पेंसर जॉनसन / मैट हेनरी

नूर अहमद

मुकेश चौधरी