David Warner drunk driving: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में बुरी तरह फंस गए हैं। कोर्ट में गलती स्वीकार करने के बाद अब उन्हें जुर्माना, ड्राइविंग लाइसेंस पर रोक और 9 महीने तक की जेल भी हो सकती है।

David Warner court case: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर अपने आक्रामक खेल और मजाकिया अंदाज के लिए हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। लेकिन इस बार वह एक बड़े कानूनी विवाद में फंस गए हैं। दरअसल, शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में वॉर्नर ने कोर्ट में अपनी गलती स्वीकार कर ली है। अब उन्हें जुर्माना, ड्राइविंग लाइसेंस पर रोक और यहां तक कि जेल की सजा भी हो सकती है। इस मामले में 18 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया की अदालत फैसला सुनाएगी।

क्या है डेविड वॉर्नर से जुड़ा मामला?

साल 2026 में डेविड वॉर्नर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेल रहे थे। टूर्नामेंट के बीच ईस्टर की छुट्टियों में वह अपने घर ऑस्ट्रेलिया लौटे थे। इसी दौरान सिडनी में पुलिस ने उनकी कार को नियमित जांच के लिए रोका। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि वॉर्नर ने शराब पी रखी है। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनका अल्कोहल टेस्ट किया गया। रिपोर्ट में उनके खून में 0.104 प्रतिशत अल्कोहल पाया गया, जो ऑस्ट्रेलिया में तय कानूनी सीमा से दोगुना से भी अधिक था।

क्या डेविड वॉर्नर को हो सकती है जेल?

डेविड वॉर्नर के वकील ने कोर्ट में बताया कि उन्होंने शराब पीकर गाड़ी चलाने की गलती स्वीकार कर ली है। अब कोर्ट इस मामले में 18 अगस्त को फैसला सुनाएगी। अगर अदालत उन्हें दोषी ठहराती है, तो उन्हें अधिकतम 9 महीने की जेल हो सकती है। इसके अलावा उनका कम से कम 6 महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। साथ ही उन पर 2200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

और पढे़ं- आलीशान घर, खुद का बिजनेस...David Warner की कमाई देख चौंक जाएंगे; PSL में हैं सबसे अमीर क्रिकेटर

छिन सकती है डेविड वॉर्नर की कप्तानी

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद डेविड वॉर्नर बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर की कप्तानी कर रहे हैं। लेकिन इस विवाद के बाद उनकी कप्तानी पर भी खतरा मंडरा रहा है। क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स (Cricket NSW) के मुख्य कार्यकारी ली जर्मन ने कहा कि शराब पीकर गाड़ी चलाना बेहद गंभीर मामला है और उनकी संस्था इसे बिल्कुल भी हल्के में नहीं लेती। गौरतलब है कि वॉर्नर को साल 2024 में सिडनी थंडर का कप्तान बनाया गया था। इससे पहले 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद उन पर लगा लीडरशिप बैन हटाया गया था। अब यह नया मामला उनकी कप्तानी और छवि, दोनों पर बड़ा असर डाल सकता है।

डेविड वॉर्नर को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल

1. डेविड वॉर्नर किस मामले में विवादों में हैं?

शराब पीकर गाड़ी चलाने (Drunk Driving) के मामले में।

2. डेविड वॉर्नर को कितनी सजा हो सकती है?

अधिकतम 9 महीने की जेल, 6 महीने तक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित और 2200 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना।

3. इस मामले में कोर्ट कब फैसला सुनाएगी?

ऑस्ट्रेलिया की अदालत 18 अगस्त को फैसला सुनाएगी।