Deepti Sharma Record: दीप्ति शर्मा ने महिला एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ अपने 150वें टी20 इंटरनेशनल मैच को यादगार बना दिया। उन्होंने सिर्फ 7 गेंदों में बिना कोई रन दिए 3 विकेट चटकाए और 171 विकेट के साथ महिला टी20 की बेस्ट गेंदबाज बन गई हैं।
Deepti Sharma 3 Wickets: भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला एशिया कप 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। थाईलैंड के खिलाफ खेले गए इस मैच में भारतीय टीम को ज्यादा मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन दीप्ति शर्मा ने अपनी घातक गेंदबाजी से मुकाबले को यादगार बना दिया। दीप्ति के लिए यह मैच इसलिए भी खास था, क्योंकि वह अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेल रही थीं। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में भी ऐसा कारनामा किया, जिसने उन्हें महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की नंबर-1 गेंदबाज बना दिया।
150 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली तीसरी भारतीय महिला
दीप्ति शर्मा भारत की ओर से 150 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली सिर्फ तीसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उनसे पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और थाईलैंड के बीच खेले गए मुकाबले से पहले दीप्ति को इस खास उपलब्धि के लिए सम्मानित भी किया गया। हालांकि, मैदान पर उतरने के बाद उन्होंने अपने प्रदर्शन से इस खास दिन को और यादगार बना दिया।
सिर्फ 7 गेंदों में दीप्ति का कमाल
थाईलैंड की पारी के दौरान दीप्ति शर्मा ने ऐसी गेंदबाजी की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने महज 7 गेंदों में 3 विकेट चटकाए और सबसे खास बात यह रही कि इस दौरान उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। अपने पहले ओवर में दीप्ति ने लगातार दो विकेट हासिल किए। उनका पूरा ओवर मेडन रहा। इसके बाद अपने अगले ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने तीसरा विकेट भी झटक लिया। यह थाईलैंड की पारी का आखिरी विकेट था। इस तरह दीप्ति ने सिर्फ 7 गेंदों में 3 विकेट लेकर थाईलैंड की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
और पढे़ं- Women's Asia Cup 2026: थाईलैंड या भारत, कौन जीता कल का मैच? जानें स्कोर और मैच का हाल
टी20 की नंबर-1 गेंदबाज बनीं दीप्ति शर्मा
इस शानदार प्रदर्शन के साथ दीप्ति शर्मा महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। उनके विकेटों की संख्या बढ़कर 171 हो गई। दरअसल, एशिया कप शुरू होने से पहले दीप्ति शर्मा और थाईलैंड की स्टार स्पिनर थिपाचा पुत्थवॉन्ग के बीच सबसे ज्यादा विकेट लेने की रेस चल रही थी। दोनों के नाम टूर्नामेंट से पहले 168-168 विकेट थे। इसके बाद थिपाचा ने हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में एक विकेट लेकर दीप्ति को पीछे छोड़ दिया। भारत के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने एक विकेट हासिल किया और उनके विकेटों की संख्या 170 तक पहुंच गई। अब बारी दीप्ति शर्मा की थी। भारतीय ऑलराउंडर ने महज 7 गेंदों में 3 विकेट लेकर थिपाचा को पीछे छोड़ दिया और 171 विकेट के साथ महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। इस तरह 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच दीप्ति शर्मा के लिए दोहरी खुशी लेकर आया। एक तरफ उन्होंने अपने करियर का खास मुकाम हासिल किया, वहीं दूसरी तरफ शानदार गेंदबाजी करते हुए महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इतिहास भी रच दिया।
दीप्ति शर्मा को लेकर पूछे जाने वाले सवाल
1. दीप्ति शर्मा ने 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच कब खेला?
उन्होंने महिला एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला।
2. दीप्ति शर्मा ने थाईलैंड के खिलाफ कितने विकेट लिए?
दीप्ति ने सिर्फ 7 गेंदों में बिना कोई रन दिए 3 विकेट हासिल किए।
3. दीप्ति शर्मा के टी20 इंटरनेशनल में कितने विकेट हो गए हैं?
इस प्रदर्शन के बाद उनके विकेटों की संख्या 171 हो गई और वह महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं।
