PBKS vs DC मैच में सभी की नजरें अर्शदीप सिंह की फॉर्म और KL राहुल की बल्लेबाजी पर होंगी। धर्मशाला की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का रिकॉर्ड बेहतर रहा है, जबकि दोनों टीमों के खिलाड़ी दिलचस्प आंकड़ों के साथ मैदान में उतरेंगे।
PBKS vs DC Match Preview: IPL 2026 के 55वें मैच में आज सोमवार 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जोरदार टक्कर होगी। धर्मशाला के मैदान में होने वाले इस मैच के लिए दोनों टीमें वेन्यू पर पहुंच चुकी हैं। मैच से पहले पाइंट्स टेबल में पंजाब जहां 13 अंक के साथ चौथे नंबर पर है, वहीं दिल्ली कैपिटल्स 8 अंक के साथ आठवीं पोजिशन पर है। ऐसे में यह मैच जीतना दोनों टीमों के लिए बेहद जरूरी है।

PBKS vs DC: अर्शदीप की फॉर्म और KL राहुल की बल्लेबाजी पर सबकी नजर
अर्शदीप सिंह के लिए यह IPL सीजन अब तक काफी मुश्किल रहा है। 10 मैचों में से 7 मुकाबलों में उनका इकॉनमी रेट 10 से ऊपर रहा है। बाकी तीन मैचों में उन्होंने बेहतर गेंदबाजी की और उनका इकॉनमी रेट 8 या उससे कम रहा, लेकिन पंजाब किंग्स को अपने मुख्य तेज गेंदबाज से और ज्यादा निरंतर प्रदर्शन की उम्मीद है। PBKS की गेंदबाजी यूनिट में अर्शदीप की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है। ऐसे में टीम चाहेगी कि वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करें।
KL राहुल बने दिल्ली कैपिटल्स की सबसे बड़ी उम्मीद
KL Rahul इस सीज़न में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए हैं। टीम का सीज़न भले ही उतार-चढ़ाव भरा रहा हो, लेकिन राहुल लगातार रन बना रहे हैं। वह फिलहाल 180.00 के शानदार स्ट्राइक रेट से 468 रन बना चुके हैं और टूर्नामेंट के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकल चुके हैं। इसके अलावा पंजाब किंग्स के खिलाफ उनकी 152 रन की नाबाद पारी इस सीजन की सबसे यादगार पारियों में शामिल रही है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या वह सोमवार को भी दिल्ली को तेज शुरुआत दिला पाएंगे।
PBKS vs DC मैच के अहम आंकड़े और खिलाड़ी मुकाबले
- T20 क्रिकेट में अर्शदीप के खिलाफ KL राहुल का रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। राहुल ने उनकी 48 गेंदों पर 81 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 168.75 का रहा है।
- वहीं पथुम निसंका ने भी अर्शदीप के खिलाफ 47 गेंदों में 81 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 172.34 का रहा।
चहल बनाम नीतीश राणा
युजवेन्द्र चहल ने IPL में नीतीश राणा को 6 बार आउट किया है। यह किसी भी गेंदबाज द्वारा राणा को सबसे ज्यादा बार आउट करने का रिकॉर्ड है। हालांकि, राणा ने चहल के खिलाफ 81 गेंदों में 97 रन भी बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 119.75 रहा है, जो बहुत आक्रामक नहीं माना जाता।
कुलदीप यादव और श्रेयस अय्यर की टक्कर
कुलदीप यादव के खिलाफ श्रेयस अय्यर का IPL में स्ट्राइक रेट 178.46 का रहा है, जो काफी शानदार है। हालांकि, अक्षर पटेल ने अय्यर को काफी हद तक शांत रखा है। उनके खिलाफ अय्यर का स्ट्राइक रेट 138.98 का रहा है।
डेथ ओवर्स में खतरनाक बने मार्कस स्टोइनिस
Marcus Stoinis इस सीजन डेथ ओवर्स में बेहद खतरनाक साबित हुए हैं। 17वें से 20वें ओवर के बीच उनका स्ट्राइक रेट 250 का रहा है। इस फेज में कम से कम 30 गेंद खेलने वाले खिलाड़ियों में सिर्फ तिलक वर्मा, टिम डेविड और डोनोवन फरेरा का स्ट्राइक रेट उनसे बेहतर रहा है।
DC vs PBKS: धर्मशाला पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल
2023 की शुरुआत से धर्मशाला में खेले गए पांच IPL मैचों में से चार मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते हैं। ऐसे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना आसान फैसला नहीं हो सकता। दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे मैच प्रभावित होने की उम्मीद कम है। शाम के समय तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
PBKS के बॉलिंग कोच जेम्स होप्स ने क्या कहा?
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने पिच को लेकर कहा कि पिछली रात मैदान पर नमी जरूर थी, लेकिन गेंद पर ओस नहीं जम रही थी। उन्होंने कहा कि आम तौर पर इस टूर्नामेंट में कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना पसंद करते हैं, लेकिन आंकड़े पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला मैच के समय की परिस्थितियों को देखकर लिया जाएगा।
DC के कोच इयान बेल का बयान
दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच इयान बेल ने कहा कि टीम का यह सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने माना कि कई मैचों में दिल्ली के पास जीतने के मौके थे, लेकिन टीम उन अहम पलों का पूरा फायदा नहीं उठा सकी। उनके मुताबिक IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलते समय छोटे मौके भी मैच का नतीजा बदल देते हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 12
पंजाब किंग्स
श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, मार्कस स्टोयनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, शशांक सिंह, मार्को यानसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाख।
दिल्ली कैपिटल्स
अक्षर पटेल (कप्तान), पथुम निसांका, केएल राहुल, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी और मुकेश कुमार।


