IPL क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके IPS पिता पर FIR दर्ज हुई है। उन पर खाने को लेकर हुए विवाद में अपने कुक से मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चंडीगढ़: IPL में पंजाब किंग्स के स्टार ऑलराउंडर शशांक सिंह और उनके पिता, IPS अधिकारी शैलेश सिंह, एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। दोनों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि शशांक सिंह और उनके पिता ने मिलकर अपने घर के कुक विपेंद्र सिंह तोमर के साथ बुरी तरह मारपीट की। यह पूरा विवाद घर में बने खाने को लेकर शुरू हुआ था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शशांक सिंह का परिवार कुक विपेंद्र सिंह के बनाए खाने से खुश नहीं था। इसी बात को लेकर कुक और शशांक के परिवार के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान क्रिकेटर के परिवार वालों ने विपेंद्र के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट भी की। इतना ही नहीं, उन्होंने विपेंद्र का मोबाइल छीन लिया और दोबारा दूसरा खाना बनाने के लिए दबाव डाला।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इसके बाद विपेंद्र ने डर के मारे खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। लेकिन शशांक सिंह के परिवार वालों ने जबरदस्ती दरवाजा खोला और फिर से उनके साथ मारपीट की। इस मारपीट की वजह से विपेंद्र के चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। उनकी चोटों की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

विपेंद्र सिंह तोमर को यह नौकरी कैसे मिली?

विपेंद्र सिंह तोमर के एक जानने वाले ने उन्हें रीवा से फोन किया था। उस वक्त विपेंद्र भोपाल में थे। उन्हें बताया गया कि शैलेश सिंह के घर पर खाना बनाने का काम है। उन्हें यह भी लालच दिया गया कि वहां काम करने से भविष्य में सरकारी नौकरी पाने में मदद मिल सकती है। इस काम के लिए उन्हें 15,000 रुपये महीने की सैलरी और रहने-खाने की सुविधा का ऑफर दिया गया था। लेकिन, काम शुरू करने के कुछ ही घंटों में उन पर दबाव बढ़ गया। विपेंद्र ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में पहले से काम कर रहे एक और कुक के साथ भी बुरा बर्ताव हो रहा था।

पुलिस ने दर्ज की FIR

पुलिस ने शैलेश सिंह, शशांक सिंह और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कौन हैं शशांक सिंह?

34 साल के शशांक सिंह पंजाब किंग्स टीम के बैटिंग ऑलराउंडर हैं। उन्हें IPL के सबसे खतरनाक मैच फिनिशर्स में से एक माना जाता है। IPL 2024 में उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ 29 गेंदों में 61 रन बनाकर सबका ध्यान खींचा था। 2024 के IPL टूर्नामेंट में 354 रन बनाने वाले शशांक सिंह ने 2025 के IPL टूर्नामेंट में 350 रन बनाए थे।