ICC T20 Rankings: आईसीसी की नई टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में ईशान किशन दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। जानिए आखिर कम रन बनाने के बावजूद वह अभिषेक शर्मा से कैसे आगे निकल गए…
Ishan Kishan Becomes World's No.1 T20 Batter: टी20 क्रिकेट की नई आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन अब दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि हालिया सीरीज में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद अभिषेक शर्मा की रैंकिंग कैसे गिर गई? यही वजह है कि नई आईसीसी टी20 रैंकिंग चर्चा का विषय बन गई है।

ईशान किशन ने कैसे छीना नंबर-1 का ताज?
आयरलैंड सीरीज से पहले अभिषेक शर्मा 875 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज थे, जबकि ईशान किशन 871 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद थे। सीरीज के पहले मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में 49 रनों की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि दूसरे मैच में वह पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। दूसरी ओर ईशान किशन ने पहले मैच में 1 और दूसरे मैच में केवल 12 रन बनाए। इसके बावजूद नई आईसीसी रैंकिंग में ईशान किशन 876 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 पर पहुंच गए, जबकि अभिषेक शर्मा 869 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए।
आखिर ICC रैंकिंग में ऐसा कैसे हुआ?
आईसीसी की रैंकिंग प्रणाली केवल कुल रन नहीं देखती, बल्कि विपक्ष, मैच की परिस्थितियां, हालिया प्रदर्शन, निरंतरता और आउट होने के तरीके सहित कई पहलुओं को ध्यान में रखती है। ऐसे में माना जा रहा है कि दूसरे टी20 में पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट होना अभिषेक शर्मा के लिए भारी साबित हुआ। यही कारण है कि पहले मैच की शानदार पारी के बावजूद उनके रेटिंग अंक गिर गए और ईशान किशन उनसे आगे निकल गए।
सिर्फ 15 मैचों में ईशान किशन का कमाल
करीब तीन साल बाद 21 जनवरी 2026 को टी20 इंटरनेशनल टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने शुरुआत भले ही 8 रन से की, लेकिन इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अगले मैच में 76 रन बनाए और फिर 43 गेंदों में 103 रन की शतकीय पारी खेली। इसके बाद टी20 विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ 61, पाकिस्तान के खिलाफ 77 और फाइनल में 25 गेंदों पर 54 रन बनाकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। वापसी के बाद ईशान किशन ने 15 टी20 मुकाबलों में 545 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 36.33 और स्ट्राइक रेट लगभग 200 रहा। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए।
अभिषेक शर्मा को किस बात का नुकसान हुआ?
ईशान किशन की शानदार निरंतरता के मुकाबले अभिषेक शर्मा वापसी के बाद छह बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। लगातार डक पर आउट होने का असर उनकी आईसीसी रेटिंग पर पड़ा और आखिरकार उन्हें नंबर-1 की कुर्सी गंवानी पड़ी। हालांकि दोनों बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं और आने वाली सीरीज में नंबर-1 की यह जंग और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।


