Jay Shah Education: जय शाह ने कहां से पढ़ाई की और कौन-सी डिग्री हासिल की है? जानें उनकी एजुकेशन, क्रिकेट प्रशासन में एंट्री और ICC चेयरमैन बनने का पूरा सफर।

Jay Shah Qualification: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध ICC चेयरमैन चुना गया है। क्रिकेट प्रशासन में इतनी बड़ी जिम्मेदारी संभालने वाले जय शाह पेशेवर क्रिकेटर नहीं रहे हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और क्रिकेट प्रशासन में काम करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जय शाह कितने पढ़े-लिखे हैं? आइए, जानते हैं उनकी शिक्षा से लेकर इस पद की जिम्मेदारी मिलने तक की पूरी कहानी।

कितने पढ़े-लिखे हैं जय शाह?

जय शाह ने गुजरात की निर्मा यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद से बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (B.Tech) की डिग्री हासिल की है। उनकी पढ़ाई इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) में हुई है। यानी जय शाह ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। हालांकि, उनके पास क्रिकेट से जुड़ी किसी औपचारिक डिग्री की जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। उन्होंने पेशेवर क्रिकेटर के बजाय क्रिकेट प्रशासन के क्षेत्र में काम करते हुए अपना करियर बनाया।

जय शाह को कैसे मिली क्रिकेट प्रशासन में जिम्मेदारी?

जय शाह का क्रिकेट प्रशासन से जुड़ाव साल 2009 से माना जाता है। उन्होंने गुजरात में जिला और राज्य स्तर पर क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में काम किया। इसके बाद उन्होंने गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA), भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं।

जय शाह 2009 में गुजरात में जिला और राज्य स्तर पर क्रिकेट प्रशासन से जुड़े।

2013 में वो गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव बने।

2015 में BCCI की वित्त और मार्केटिंग समितियों में शामिल हुए।

2019 में BCCI के मानद सचिव बने।

2021 में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष बने।

2022 में ICC बोर्ड में भारत के प्रतिनिधि के तौर पर नियुक्त हुए।

2024 ICC चेयरमैन चुने गए और 1 दिसंबर से कार्यभार संभाला।

2026 में दोबारा आईसीसी के चेयरमैन बनें।

और पढे़ं- 'रामायण' देखने पहुंचे अमित शाह: बेटे जय शाह भी साथ; थिएटर से बाहर आते ही वायरल हुआ वीडियो

ICC चेयरमैन बनने का क्या होता है क्राइटेरिया?

ICC चेयरमैन बनने के लिए किसी व्यक्ति का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर होना जरूरी नहीं है। इस पद के लिए ICC के संविधान में पात्रता और चुनाव से जुड़े नियम तय किए गए हैं।

ICC के नियमों के मुताबिक, चेयरमैन बनने की प्रक्रिया में कुछ अहम बातें शामिल हैं:

ICC बोर्ड से जुड़ाव: उम्मीदवार का ICC बोर्ड का मौजूदा या पूर्व डायरेक्टर होना जरूरी है।

बोर्ड के सदस्य करते हैं चुनाव: ICC चेयरमैन का चुनाव बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की प्रक्रिया के तहत होता है।

चुनाव की प्रक्रिया: चुनाव ICC के संविधान में तय नियमों के अनुसार कराया जाता है। इसमें सीक्रेट बैलेट का प्रावधान भी शामिल है।

हितों का टकराव नहीं: चेयरमैन को अपने पद की जिम्मेदारियां निभाते समय हितों के टकराव से जुड़े नियमों का पालन करना होता है।

कार्यकाल: 2024 में स्वीकृत बदलावों के अनुसार, चेयरमैन का कार्यकाल तीन साल का है। अधिकतम दो कार्यकाल पूरे किए जा सकते हैं।

जय शाह 2 बार बने आईसीसी चैयरमैन

साल 2024 में तत्कालीन ICC चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। इसके बाद जय शाह इस पद के लिए अकेले उम्मीदवार रह गए। ICC ने 27 अगस्त 2024 को जय शाह के निर्विरोध चेयरमैन चुने जाने की घोषणा की थी। उन्होंने 1 दिसंबर 2024 को आधिकारिक रूप से पदभार संभाला। 16 नवंबर 2026 को ICC बोर्ड ने जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन नियुक्त किया है। इस तरह इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले जय शाह ने क्रिकेट प्रशासन में काम करते हुए ICC के शीर्ष पद तक का सफर तय किया है।