T20 वर्ल्ड कप में भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद, पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद आमिर ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने शिमरॉन हेटमायर के विकेट को संदिग्ध बताया और कहा कि अगर हेटमायर आउट नहीं होते तो भारत वर्ल्ड कप से बाहर हो जाता।
कोलकाता: T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज को हराकर जैसे ही भारत सेमीफाइनल में पहुंचा, पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद आमिर ने एक नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। आमिर की अजीबोगरीब दलील है कि मैच में शिमरॉन हेटमायर का आउट होना संदिग्ध था और अगर वो आउट नहीं होते तो भारत वर्ल्ड कप से ही बाहर हो गया होता।
मोहम्मद आमिर ने दिया विवादित बयान
आमिर ने यह विवादित बयान पाकिस्तान के एक टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान दिया। मैच में हेटमायर सिर्फ 11 गेंदों पर 27 रन बनाकर तूफानी बैटिंग कर रहे थे, तभी जसप्रीत बुमराह की गेंद पर संजू सैमसन ने उनका कैच लपक लिया। यही बात आमिर को हजम नहीं हो रही है। बुमराह की गेंद हेटमायर के बल्ले का किनारा लेकर संजू के दस्तानों में गई थी। अंपायर ने तो आउट दे दिया, लेकिन हेटमायर ने रिव्यू ले लिया। हालांकि, अल्ट्रा एज में साफ दिखा कि गेंद बल्ले से लगी थी, इसलिए थर्ड अंपायर ने भी उन्हें आउट करार दिया। लेकिन आमिर का दावा है कि हेटमायर आउट नहीं थे। उन्होंने कहा, "हेटमायर का विकेट संदिग्ध है। मेरे हिसाब से वो आउट नहीं थे। अगर हेटमायर थोड़ी देर और क्रीज पर रहते, तो वेस्टइंडीज का स्कोर 220-230 रन तक पहुंच जाता। अगर ऐसा होता, तो भारत आज वर्ल्ड कप से बाहर होता।"
आमिर ने यह भविष्यवाणी भी कर दी है कि भारत भले ही सेमीफाइनल में पहुंच गया हो, लेकिन कप जीतना मुश्किल है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "ईमानदारी से कहूं तो भारत अच्छा क्रिकेट नहीं खेल रहा है। उन्होंने तीन-चार कैच छोड़े। मैंने पहले ही कहा था कि हार्दिक पंड्या बड़ी टीमों के खिलाफ अच्छा नहीं खेलते। वरुण चक्रवर्ती भी महंगे साबित हुए। आगे जो टीमें आएंगी, वे वेस्टइंडीज से बेहतर स्पिन खेलती हैं।"
दिलचस्प बात यह है कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही आमिर ने भविष्यवाणी की थी कि भारत सेमीफाइनल तक नहीं पहुंचेगा। सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस कमेंट कर रहे हैं कि शायद अपनी भविष्यवाणी गलत होने की वजह से ही आमिर अब ऐसी बेतुकी बातें कर रहे हैं। फैंस ने आमिर को ट्रोल करते हुए कहा कि अल्ट्रा एज में साफ दिख रहे आउट पर शक जताकर वह खुद मजाक का पात्र बन गए हैं।
'करो या मरो' का मुकाबला जीतकर आगे बढ़ा भारत
इस T20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के सभी मैच जीतकर सुपर-8 में टॉप पर जगह बनाई थी। लेकिन सुपर-8 के पहले ही मैच में उसे दक्षिण अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारत के लिए बाकी दो मैच 'करो या मरो' जैसे हो गए थे। जिम्बाब्वे को हराकर भारत ने सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखीं और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी मुकाबला खेला। वेस्टइंडीज ने 196 रनों का मुश्किल लक्ष्य दिया था। शुरुआती झटकों के बावजूद, संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 4 गेंदें बाकी रहते 5 विकेट से जीत हासिल कर ली।
अब गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। यह लगातार तीसरी बार है जब भारत और इंग्लैंड किसी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे।


