MS Dhoni Retirement : महेंद्र सिंह धोनी ने IPL को अलविदा कह दिया है। वह अब CSK के मेंटर होंगे। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जो नंबर-7 जर्सी माही पहनते थे वह, उसका अब क्या होगा। क्योंकि वह पहचान नहीं, बल्कि करोड़ों क्रिकेट फैंस के लिए एक भावना है। क्या किसी नए खिलाड़ी को इसे पहनने का मौका मिलेगा?
महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर नजर नहीं आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 17 नवंबर 2026 को उन्हें टीम मेंटर बनाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही करीब 18 साल तक पीली जर्सी में खेलने वाले माही के खिलाड़ी करियर का अंत हो गया। लेकिन उनकी विदाई के साथ ही फैंस के मन में एक सवाल उठ रहा है- अब CSK में नंबर-7 की जर्सी का क्या होगा? क्या धोनी खुद यह जर्सी किसी खिलाड़ी को सौंपेंगे या फ्रेंचाइजी इस नंबर को हमेशा के लिए उनके नाम कर देगी?
नंबर-7 सिर्फ जर्सी नहीं, धोनी की पहचान है
धोनी की नंबर-7 जर्सी क्रिकेट की दुनिया में उनकी पहचान बन चुकी है। इसी नंबर को पहनकर उन्होंने भारतीय टीम को 2007 का T20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जिताई। IPL में भी वह लंबे समय तक इसी नंबर के साथ CSK के लिए खेलते रहे। धोनी का जन्म 7 जुलाई को हुआ था। ऐसे में नंबर-7 से उनका जुड़ाव और भी खास माना जाता है।
टीम इंडिया में रिटायर हो चुका है नंबर-7
धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद BCCI ने दिसंबर 2023 में उनकी नंबर-7 जर्सी को रिटायर कर दिया था। इसके बाद भारतीय टीम का कोई दूसरा खिलाड़ी इस नंबर की जर्सी नहीं पहन सकता। सचिन तेंदुलकर की नंबर-10 जर्सी को भी इसी तरह सम्मान दिया गया था।
क्या CSK भी रिटायर करेगी माही की जर्सी?
- अब सबसे बड़ा सवाल CSK को लेकर है। धोनी ने इस फ्रेंचाइजी के साथ लंबा सफर तय किया और अपनी कप्तानी में टीम को पांच IPL खिताब दिलाए। ऐसे में नंबर-7 को रिटायर करना उनके योगदान को सम्मान देने का एक तरीका हो सकता है।
- हालांकि, अभी तक CSK ने नंबर-7 जर्सी को रिटायर करने या किसी दूसरे खिलाड़ी को सौंपने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। धोनी ने भी किसी खिलाड़ी का नाम नहीं बताया है, जिसे वह अपनी जर्सी देंगे।
माही की विरासत कौन संभालेगा?
धोनी अब मेंटर के तौर पर CSK के साथ रहेंगे। मैदान पर उनकी जगह कोई दूसरा खिलाड़ी ले सकता है, लेकिन नंबर-7 से जुड़ी यादों की जगह लेना आसान नहीं होगा। फिलहाल फैंस को इंतजार है कि CSK इस ऐतिहासिक नंबर को लेकर क्या फैसला करती है।










