17 साल तक CSK की पीली जर्सी में मैदान पर उतरकर महेंद्र सिंह धोनी ने सिर्फ रिकॉर्ड ही नहीं बनाए, बल्कि करोड़ों की कमाई भी की। IPL से बतौर खिलाड़ी विदाई के बीच जानिए, चेन्नई सुपर किंग्स ने माही को अब तक कितने करोड़ रुपये दिए और उनकी कुल कमाई का आंकड़ा कितना है।
महेंद्र सिंह धोनी ने IPL में खिलाड़ी के तौर पर अपने सफर को अलविदा कह दिया है। 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से शुरू हुआ उनका रिश्ता करीब 18 साल तक चला। इस दौरान धोनी ने टीम को पांच बार चैंपियन बनाया और अपनी कप्तानी से करोड़ों फैंस का दिल जीता। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस पूरे सफर में धोनी ने CSK से कितनी कमाई की? शुरुआती सीजन में करीब 6 करोड़ रुपये पाने वाले माही की कुल कॉन्ट्रैक्ट फीस अब 175 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है।
पहली नीलामी में मिले थे करीब 6 करोड़
- IPL के पहले सीजन यानी 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी को करीब 6.03 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय वह टूर्नामेंट के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल थे। उनकी कप्तानी में CSK पहले ही सीजन फाइनल तक पहुंच गई थी।
- इसके बाद धोनी की फीस में लगातार बदलाव हुआ। 2011 से 2013 के बीच उनकी सालाना फीस करीब 8 से 9 करोड़ रुपये रही। 2014 और 2015 में उन्हें 12.5 करोड़ रुपये मिले।
चार साल तक मिली 15 करोड़ की फीस
- साल 2016 और 2017 में CSK पर प्रतिबंध लगा था। इस दौरान धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए खेले और उन्हें दोनों सीजन 12.5-12.5 करोड़ रुपये मिले।
- 2018 में CSK की वापसी के साथ धोनी फिर टीम से जुड़े। 2018 से 2021 तक उन्हें हर सीजन 15 करोड़ रुपये मिले। यह उनके IPL करियर की सबसे ज्यादा सालाना फीस थी।
- 2022 से 2024 तक उनकी फीस 12 करोड़ रुपये रही। वहीं 2025 और 2026 में CSK ने उन्हें अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर 4-4 करोड़ रुपये में रिटेन किया।
कुल कितनी हुई धोनी की कमाई?
- सीजन-वाइज कॉन्ट्रैक्ट आंकड़ों के मुताबिक, धोनी ने CSK के लिए खेले गए 17 सीजन में करीब 175.7 करोड़ रुपये कमाए। राइजिंग पुणे सुपरजायंट के दो सीजन की फीस जोड़ दें तो उनकी कुल IPL कॉन्ट्रैक्ट कमाई करीब 200.7 करोड़ रुपये हो जाती है।
- यह रकम सिर्फ IPL कॉन्ट्रैक्ट की है। इसमें विज्ञापन, ब्रांड एंडोर्समेंट और बिजनेस से होने वाली कमाई शामिल नहीं है।










