T20 वर्ल्ड कप सुपर-8 में आज (शनिवार) पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टक्कर कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में होगी। पिच स्पिनर्स के लिए मददगार हो सकती है, जबकि मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। मैच रद्द हुआ तो दोनों टीमों को ही बड़ा नुकसान हो सकता है।

PAK vs NZ T20 World Cup Super-8 Match: T20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 की शुरुआत शनिवार 21 फरवरी को पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मैच से होगी। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम पर शाम 7 बजे से खेला जाएगा। बता दें कि पाकिस्तान ग्रुप A में भारत के बाद दूसरे स्थान पर रहा और सुपर-8 में पहुंचा। वहीं न्यूजीलैंड ग्रुप-D में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे नंबर पर रहा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Toss कितने बजे होगा?

पाकिस्तान-न्यूजीलैंड के बीच टॉस शाम 6.30 बजे हो सकता है। दोनों टीमों के लिए टॉस अहम होगा। माना जा रहा है कि प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। सुपर-8 के ग्रुप-2 के इस पहले मैच में न्यूजीलैंड के मिडिल ऑर्डर का सामना पाकिस्तान की स्पिन यूनिट से होगा। यह मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है।

Colombo Pitch Report: पाकिस्तान को घरेलू माहौल जैसा फायदा?

प्रेमदासा स्टेडियम की पिच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की पिच के मुकाबले स्पिन बॉलिंग के लिए ज्यादा अच्छी होने की उम्मीद है। इसके अलावा बड़ी बाउंड्री होने से रन बनाना और भी बड़ी चुनौती बन जाता है। हालांकि, गुरुवार को जिम्बाब्वे ने श्रीलंका पर हाई-स्कोरिंग जीत हासिल की, जो बैटिंग के लिए अच्छी पिच थी। न्यूजीलैंड इस टूर्नामेंट में पहली बार कोलंबो में खेलेगा, जिससे चुनौती और बढ़ सकती है। इसके उलट, पाकिस्तान वर्ल्ड कप की शुरुआत से ही कोलंबो में मौजूद है और प्रेमदासा स्टेडियम में पहले ही दो मैच खेल चुका है। पाकिस्तान के गेंदबाज, खासकर स्पिनर, इस धीमी पिच पर सही पेस और लेंथ का इस्तेमाल करना जानते हैं। यहां बड़े शॉट लगाने के लिए सिर्फ ताकत नहीं, बल्कि समझदारी की जरूरत होती है।

Colombo Weather Forecast: बारिश बन सकती है बाधा

AccuWeather के मुताबिक, शनिवार को कोलंबो में 80 से 100 प्रतिशत तक बादल छाए रहने की संभावना है। चूंकि मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। ऐसे में मौसम इस मुकाबले में बड़ा रोल निभा सकता है। शाम को हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को पाकिस्तान का ट्रेनिंग सेशन बारिश की वजह से कैंसिल करना पड़ा था।

मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?

अगर बारिश की वजह से पाकिस्तान बनाम न्यूज़ीलैंड मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लग सकता है। इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को अंक साझा करने होंगे।

न्यूजीलैंड मिडिल ऑर्डर पर दबाव

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में अब तक पूरी तरह फॉर्म में नहीं दिखे हैं। ओपनर टिम शेफर्ट और फिन एलन ने मिलकर तीन अर्धशतक लगाए हैं। लेकिन मिडिल ऑर्डर में ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवीन्द्र, मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल रेगुलर परफॉर्म नहीं कर पाए हैं। फिलिप्स और रवींद्र ने एक-एक फिफ्टी जरूर लगाई है, लेकिन कुल मिलाकर उनका योगदान सीमित रहा है। चार मैचों में रचिन रवींद्र ने 72 रन बनाए हैं, जिनमें से 59 रन कनाडा के खिलाफ एक ही मैच में आए।

पाकिस्तान: संभावित प्लेइंग-11

सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।

न्यूजीलैंड: संभावित प्लेइंग-11

मिशेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी, कोल मैककॉन्ची।