2026 T20 वर्ल्ड कप फाइनल में संजू सैमसन इतिहास रचने के करीब हैं। वे T20I में बतौर विकेटकीपर 1000 रन पूरे करने से सिर्फ 1 रन दूर हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे एमएस धोनी के बाद दूसरे भारतीय बनेंगे।
अहमदाबाद: 2026 T20 वर्ल्ड कप का फाइनल... सामने न्यूजीलैंड की टीम... और टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन इतिहास रचने से बस एक रन दूर हैं। अगर संजू एक रन बना लेते हैं, तो वो इंटरनेशनल T20 में बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज 1000 रन पूरे करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ महान एमएस धोनी ने किया है।
धोनी ने भारत के लिए 98 T20 मैच खेले और विकेटकीपर के तौर पर 1617 रन बनाए। वहीं, संजू के नाम फिलहाल 44 मैचों में विकेटकीपर के तौर पर 999 रन दर्ज हैं। आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक रन बनाते ही वो धोनी के बाद 1000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बन जाएंगे। हालांकि, संजू ने अपने करियर में भारत के लिए 61 T20 मैचों की 51 पारियों में 1310 रन बनाए हैं, लेकिन उन्होंने सभी मैचों में विकेटकीपिंग नहीं की है।
इस लिस्ट में संजू के पीछे ऋषभ पंत (996 रन) और ईशान किशन (545 रन) हैं। वैसे, इंटरनेशनल T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जोस बटलर के नाम है। बटलर ने विकेटकीपर के तौर पर 3592 रन बनाए हैं। इस वर्ल्ड कप के पिछले दो मैचों में संजू ने कमाल का प्रदर्शन किया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के 'वर्चुअल क्वार्टर फाइनल' मुकाबले में उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जीता था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्होंने 42 गेंदों पर 89 रन की तूफानी पारी खेली और फिर से 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने।


