भारत के पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ जल्द ही आईपीएल में वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, द्रविड़ अपने पूर्व फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के साथ मुख्य कोच के रूप में जुड़ने के लिए तैयार हैं।

खेल डेस्क। भारत के पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) की अगली नौकरी पक्की हो गई है। उनके हेड कोच रहते भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 (T20 World Cup 2024) में जीत मिली थी। इसके बाद द्रविड़ का कोच के रूप में कार्यकाल खत्म हो गया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राहुल द्रविड़ 29 जून को भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच के पद से हटे थे। इसके बाद से खेल प्रेमी यह जानने के लिए उत्सुक थे कि वह कौन सी नई जिम्मेदारी संभालते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल अब आईपीएल में वापसी करने जा रहे हैं। वह अपने पूर्व फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के लिए काम करने वाले हैं।

राजस्थान रॉयल्स ने राहुल द्रविड़ के साथ किया कॉन्ट्रैक्ट

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के अनुसार राहुल द्रविड़ IPL 2025 सीजन के लिए राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बनने के लिए तैयार हैं। उन्होंने हाल ही में खिलाड़ियों को रिटेन करने और IPL 2025 मेगा नीलामी के लिए उनकी रणनीतियों के बारे में शुरुआती बातचीत के बाद फ्रैंचाइजी के साथ एक कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान रॉयल्स द्रविड़ के असिस्टेंट कोच के रूप में भारत के पूर्व बैटिंग कोच विक्रम राठौर को साइन करने के लिए तैयार है। राठौर टीम इंडिया के कोच रहने के दौरान राहुल द्रविड़ के सपोर्ट स्टाफ के प्रमुख सदस्य थे। द्रविड़ जब नेशनल क्रिकेट अकेडमी के इंचार्ज थे तब भी राठौर उनके साथ काम कर रहे थे।

राजस्थान रॉयल्स के वर्तमान मुख्य कोच कुमार संगकारा फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक के रूप में कार्यभार संभालते रहेंगे। वह रॉयल्स की सहयोगी फ्रेंचाइजी दक्षिण अफ्रीका 20 में पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग में बारबाडोस रॉयल्स के मुख्य कोच होंगे।

IPL 2012 और 2013 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान थे राहुल द्रविड़

बता दें कि राहुल द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले हैं। वह IPL 2012 और 2013 में इस टीम के कप्तान थे। 2013 में चैंपियंस लीग टी20 फाइनल में उनकी कप्तानी में टीम ने जीत दर्ज की थी। 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स के मुख्य कोच बनने से पहले द्रविड़ ने 2014 और 2015 में राजस्थान रॉयल्स के टीम निदेशक और संरक्षक के रूप में काम किया था।

राजस्थान रॉयल्स के वर्तमान कप्तान संजू सैमसन हैं। संजू के साथ राहुल द्रविड़ का पुराना रिश्ता है। संजू अंडर-19 से टीम से आए हैं। उस समय द्रविड़ टीम के कप्तान थे।

यह भी पढ़ें- एक ही टेस्ट में दोहरा शतक और शतक: जानिए कौन हैं ये 8 बल्लेबाज?