टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के हीरो रहे जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी 6 फीट 8 इंच लंबे खिलाड़ी हैं। उन्होंने तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है और IPL 2025 में RCB से जुड़े हैं।
Who is Blessing Muzarabani: टी20 वर्ल्ड कप के 19वें मुकाबले में शुक्रवार, 13 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच कोलंबो में मैच खेला गया। इस मैच में जिम्बाब्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हरा दिया। इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी से कंगारू बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया।
कौन हैं Blessing Muzarabani?
ब्लेसिंग मुजरबानी जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं। उनका जन्म 2 अक्टूबर 1996 को जिम्बाब्वे के मुरेवा शहर में हुआ था। वह जिम्बाब्वे के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 70 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 78 विकेट हासिल किए हैं। तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी20 में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से अलग पहचान बनाई है।
IPL 2025 में RCB से जुड़े Blessing Muzarabani
आईपीएल 2025 में ब्लेसिंग मुजरबानी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने टीम में शामिल किया। उन्हें लुंगी एनगिडी के रिप्लेसमेंट के रूप में 75 लाख रुपये में खरीदा गया। इससे पहले वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) और अन्य टी20 लीगों में भी खेल चुके हैं।
6 फीट 8 इंच की हाइट से मिलती है खास पहचान
ब्लेसिंग मुजरबानी अपनी 6 फीट 8 इंच की लंबाई के लिए भी जाने जाते हैं। उनकी लंबी कद-काठी उन्हें अतिरिक्त बाउंस और गति पैदा करने में मदद करती है। यही कारण है कि वह आक्रामक और खतरनाक तेज गेंदबाज के रूप में पहचाने जाते हैं।
शुरुआती करियर और क्रिकेट सफर
मुजरबानी ने सिर्फ 7 साल की उम्र में ताकाशिंगा क्रिकेट क्लब से क्रिकेट ट्रेनिंग शुरू की। यहीं उनके टैलेंट को कोचों ने पहचाना। साल 2017 में उन्हें पूर्व कप्तान तातेंदा ताइबू द्वारा राइजिंग स्टार्स अकादमी के लिए चुना गया। इस प्रोग्राम के तहत उन्हें तीन महीने के लिए इंग्लैंड दौरे पर भेजा गया। दिसंबर 2020 में उन्हें 2020-21 लोगान कप के लिए सदर्न रॉक्स टीम में शामिल किया गया।
PSL 2021 में शानदार प्रदर्शन
जून 2021 में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में मुल्तान सुल्तांस ने उन्हें ओबेड मैकॉय की जगह टीम में शामिल किया। उन्होंने 6 मैचों में 10 विकेट लिए और टीम को अपना पहला पीएसएल खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।


