फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप E मुकाबले में आइवरी कोस्ट ने इक्वाडोर को 1-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। अमाद डियालो ने 90वें मिनट में विजयी गोल दागा। इस हार के साथ इक्वाडोर का 19 मैचों का अजेय रिकॉर्ड भी टूट गया।
फिलाडेल्फिया: फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप E मुकाबले में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आइवरी कोस्ट ने लैटिन अमेरिकी टीम इक्वाडोर को 1-0 से हरा दिया है। फिलाडेल्फिया के लिंकन फाइनेंशियल फील्ड स्टेडियम में हुए इस कांटे के मुकाबले का फैसला 90वें मिनट में हुआ। मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेलने वाले अमाद डियालो ने गोल करके अपनी टीम को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस हार के साथ ही इक्वाडोर का पिछले 19 मैचों से चला आ रहा न हारने का रिकॉर्ड भी टूट गया।

मैच के पहले हाफ में इक्वाडोर का दबदबा रहा, लेकिन दूसरे हाफ में आइवरी कोस्ट ने रणनीति बदलकर खेल का रुख पलट दिया। शुरुआती आधे घंटे में तो ऐसा लगा कि इक्वाडोर ही मैच पर पूरी तरह हावी है। लेकिन किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। पहले हाफ में इक्वाडोर के जॉन येबोआ और एलन मिंडा के जबरदस्त शॉट आइवरी कोस्ट के गोलपोस्ट के क्रॉसबार से टकराकर लौट गए।
दूसरे हाफ में वापसी करने वाली आइवरी कोस्ट ने भी गोल करने का एक सुनहरा मौका गंवाया। एली वाही का एक शानदार प्रयास इक्वाडोर के पोस्ट से टकरा गया। जब लग रहा था कि मैच ड्रॉ की तरफ बढ़ रहा है, तभी 90वें मिनट में खेल का इकलौता गोल हुआ। विल्फ्रेड सिंगो ने राइट विंग से एक खूबसूरत पास दिया, जिसे सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी अमाद डियालो ने कंट्रोल किया। डियालो ने बॉक्स के अंदर से बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर गेंद को इक्वाडोर के जाल में उलझा दिया।
यह वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार है जब आइवरी कोस्ट ने किसी लैटिन अमेरिकी देश को हराया है। 2014 के बाद वर्ल्ड कप में वापसी कर रही टीम ने इस जीत के साथ अपने कमबैक को यादगार बना दिया। इस जीत में आइवरी कोस्ट के गोलकीपर याहिया फोफाना की भी अहम भूमिका रही, जिन्होंने इक्वाडोर के स्टार खिलाड़ी गोंजालो प्लाटा के कई खतरनाक हमलों को नाकाम किया।
