Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के 8वें दिन सावन बरवाल ने मैराथन में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वहीं, शूटिंग में तिलोत्तमा सेन, आशी चौकसे और विदर्शा के. विनोद की टीम ने भी सिल्वर मेडल जीता।

Sawan Barwal Marathon: एशियन गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत की शुरुआत शानदार रही। आइची-नागोया में भारतीय मैराथन धावक सावन बरवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। सावन ने नेशनल रिकॉर्ड समय के साथ यह उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स की मैराथन प्रतियोगिता में भारत के लंबे इंतजार को भी खत्म कर दिया।

सावन बरवाल ने रचा इतिहास

सावन बरवाल का सिल्वर मेडल एशियन गेम्स की मैराथन में भारत का ओवरऑल तीसरा मेडल है। इससे पहले भारत ने 1951 में हुए पहले एशियाई खेलों में मैराथन में दो मेडल जीते थे, जबकि 1982 में भारत को एक और पदक मिला था। इसके बाद मैराथन में भारत को पदक का इंतजार था। अब सावन बरवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को एक बार फिर इस प्रतियोगिता में पोडियम तक पहुंचाया है। उनका यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

शूटिंग में भी भारत ने जीता सिल्वर

एशियन गेम्स के आठवें दिन शूटिंग में भी भारत को पदक मिला। तिलोत्तमा सेन, आशी चौकसे और विदर्शा के. विनोद की तिकड़ी ने टीम इवेंट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। भारतीय टीम ने कुल 1763 का स्कोर बनाया और दूसरे स्थान पर रही। चीन ने 1773 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता। खास बात यह रही कि चीन ने हांगझोऊ 2023 में बनाए गए अपने ही गेम्स रिकॉर्ड की बराबरी की। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो तिलोत्तमा सेन तीसरे और विदर्शा के. विनोद छठे स्थान पर रहीं। दोनों खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया। वहीं, आशी चौकसे 15वें स्थान पर रहीं।

और पढे़ं- Asian Games 2026: सुरुचि-कमलजीत ने रचा इतिहास, शूटिंग में गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा

लक्ष्य सेन का सफर हुआ खत्म

बैडमिंटन में भारत को निराशा हाथ लगी। पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन दूसरे राउंड में सिंगापुर के लोह कीन यू से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। दोनों के बीच मुकाबला करीब एक घंटे 15 मिनट तक चला। लोह कीन यू ने पहला गेम 21-12 से जीता। इसके बाद लक्ष्य ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-15 से अपने नाम किया और मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। हालांकि, निर्णायक गेम में लक्ष्य सेन को 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ एशियन गेम्स 2026 में पुरुष सिंगल्स का उनका सफर समाप्त हो गया।

इस तरह आठवें दिन भारत के लिए एथलेटिक्स और शूटिंग में पदक जीतने की खुशी रही, जबकि बैडमिंटन में लक्ष्य सेन के बाहर होने से निराशा भी मिली।

एशियन गेम्स को लेकर पूछे जाने वाले सवाल

1: सावन बरवाल ने एशियन गेम्स 2026 में कौन सा मेडल जीता?

सावन बरवाल ने मैराथन में सिल्वर मेडल जीता।

2: शूटिंग में भारत के लिए सिल्वर किसने जीता?

तिलोत्तमा सेन, आशी चौकसे और विदर्शा के. विनोद की तिकड़ी ने सिल्वर जीता।

3: लक्ष्य सेन किससे हारकर बाहर हुए?

लक्ष्य सेन को सिंगापुर के लोह कीन यू के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।