Cristiano Ronaldo News: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के कोच जॉर्ज जीसस पर वादा तोड़ने का आरोप लगाया है। नेशनल टीम का कैंप छोड़ने पर रोनाल्डो ने माफी मांगी और संभावित सजा स्वीकार करने की बात कही।

Cristiano Ronaldo Statement: पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने नेशनल टीम से जुड़ी हालिया घटना पर लंबा बयान जारी किया है। करीब 2,000 शब्दों के इस बयान में 41 वर्षीय रोनाल्डो ने टीम कैंप छोड़ने के लिए अपने साथियों और पुर्तगाल के फैंस से माफी मांगी। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हेड कोच जॉर्ज जीसस ने उनसे किया अपना वादा पूरा नहीं किया। रोनाल्डो ने साफ किया कि वह अब भी पुर्तगाल के लिए खेलने और टीम को जीत दिलाने के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि अगर कैंप छोड़ने के लिए उन पर कोई प्रतिबंध लगाया जाता है, तो वह उसे स्वीकार करेंगे।

गेम टाइम को लेकर हुआ विवाद

मामला नेशंस लीग के मुकाबलों से जुड़ा है। रोनाल्डो के मुताबिक, कोच जॉर्ज जीसस ने इंटरनेशनल विंडो के लिए उनके साथ एक योजना शेयर की थी। इसमें रोनाल्डो को घरेलू मैदान पर होने वाले शुरुआती और आखिरी मुकाबले में खेलने का मौका देने की बात थी, जबकि नॉर्वे और डेनमार्क के मैचों के लिए उनके टीम के साथ यात्रा नहीं करने की योजना थी। रोनाल्डो ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। उनका कहना था कि कप्तान के तौर पर टीम से अलग रहना और बाकी खिलाड़ियों को बाहर के मैचों के लिए भेजना सही उदाहरण नहीं होगा। इसके बाद नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले कथित तौर पर कोच ने उनसे पूछा कि क्या वह करीब 30 मिनट खेलने के लिए फिट हैं। रोनाल्डो ने हामी भरी और दूसरे हाफ में वार्मअप भी किया, लेकिन उन्हें मैदान पर नहीं उतारा गया।

View post on Instagram
 

रोनाल्डो ने कोच पर लगाया वादा तोड़ने का आरोप

रोनाल्डो ने कहा कि नॉर्वे मैच के बाद उन्होंने जॉर्ज जीसस से इस मुद्दे पर बात की थी। दोनों के बीच कथित तौर पर यह सहमति बनी कि कोच डेनमार्क के खिलाफ मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले पर माफी मांगेंगे। हालांकि, रोनाल्डो के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच का बयान उनकी बातचीत से बिल्कुल अलग था। उन्होंने कहा कि कोच के रवैये में ऐसी आक्रामकता थी, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। रोनाल्डो ने इसे कोच की ओर से दूसरी बार अपना वादा तोड़ना बताया। इसके बाद उन्होंने नेशनल टीम का कैंप छोड़ने का फैसला किया।

कैंप छोड़ने पर रोनाल्डो ने मांगी माफी

रोनाल्डो ने अपने साथियों और पुर्तगाल के लोगों से कैंप छोड़ने के लिए माफी मांगी। उन्होंने माना कि टीम छोड़कर जाना उनकी गलती थी और इसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि कोच के साथ भरोसा पूरी तरह खत्म होने के बाद टीम के साथ उनकी मौजूदगी से ग्रुप को नुकसान हो सकता है। इसलिए उन्होंने कैंप छोड़ने का फैसला किया। रोनाल्डो ने यह भी कहा कि वह सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि टीम के कप्तान हैं। इसलिए उनके इस कदम को सामान्य खिलाड़ी की गलती की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।

और पढ़ें- Cristiano Ronaldo News: आखिर क्यों पुर्तगाल की टीम छोड़ने की आई नौबत?

संभावित सजा भी स्वीकार करने को तैयार

रोनाल्डो ने पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन से मिलने वाली संभावित सजा को स्वीकार करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि उनके इस कदम के लिए जो भी नतीजा होगा, उसका सामना करने के लिए वह तैयार हैं। उन्होंने यह भी माना कि कप्तान होने के कारण उनकी जिम्मेदारी ज्यादा है और इस वजह से उनके खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की नरमी नहीं होनी चाहिए।

रोनाल्डो के पोस्ट पर युवराज सिंह का बयान

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का यह पोस्ट इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा है। खबर लेकर जाने तक 11.01 मिलियन से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं। जिसमें मशहूर क्रिकेटर युवराज सिंह भी शामिल है। उन्होंने इस पर कमेंट करते हुए लिखा बिल्कुल जब आप अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर होते हैं, तो कोई भी आपके मुंह पर सच नहीं बताता। मैं आपकी बात समझता हूं। यह सम्मान की बात है। आप अब तक के सबसे महान खिलाड़ी है, आगे भी अच्छा करते रहे लीजेंड। देश हमेशा सबसे पहले...

पुर्तगाल ने हासिल की बड़ी सफलता

विवाद के बावजूद पुर्तगाल ने नेशंस लीग में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपने शुरुआती चारों मुकाबले जीते और दो मैच बाकी रहते ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। रोनाल्डो पुर्तगाल के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी और टीम के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। ऐसे में उनके और कोच जॉर्ज जीसस के बीच यह विवाद आने वाले मुकाबलों में टीम के लिए अहम मुद्दा बन सकता है।