23वें फीफा वर्ल्ड कप के 104 में से 54 मैच पूरे हो गए हैं। 48 टीमों में से 13 ने नॉकआउट में जगह बना ली है, जो सोमवार से शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका और कनाडा ने पहली बार नॉकआउट में क्वालिफाई कर इतिहास रचा है।

फ्लोरिडा (अमेरिका): 23वां फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप का आधा सफ़र पूरा हो चुका है। 11 जून को शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल 104 मैच होने हैं, जिनमें से 54 मैच खेले जा चुके हैं। 19 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में अब सिर्फ 50 मैच बाकी हैं। इस बार रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें से 32 टीमें नॉकआउट स्टेज में जाएंगी। अब तक 13 टीमों ने नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि 19 टीमों के पास अभी भी अगले राउंड में जाने का मौका है। रविवार सुबह ग्रुप स्टेज के मैच खत्म हो जाएंगे और सोमवार से नॉकआउट राउंड की जंग शुरू होगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कौन सी टीमें नॉकआउट में पहुंचीं?

बुधवार तक हुए मैचों के आधार पर कुल 13 टीमों ने नॉकआउट में अपनी जगह बना ली है। इनमें ग्रुप 'ए' की टॉपर मेक्सिको, ग्रुप 'बी' की टॉपर स्विट्जरलैंड, ग्रुप 'सी' की टॉपर ब्राजील, ग्रुप 'डी' की टॉपर अमेरिका, ग्रुप 'ई' की टॉपर जर्मनी और ग्रुप 'जे' की टॉपर अर्जेंटीना शामिल हैं। इनके अलावा फ्रांस, नॉर्वे, कनाडा, मोरक्को, कोलंबिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, और दक्षिण अफ्रीका ने भी नॉकआउट में क्वालिफाई कर लिया है।

नियमों के मुताबिक, हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें और 12 ग्रुपों में तीसरे नंबर पर रहने वाली 12 टीमों में से बेस्ट-8 टीमें भी नॉकआउट में पहुंचेंगी। वहीं, कतर, चेक रिपब्लिक, तुर्की, ट्यूनीशिया, जॉर्डन, पनामा और हैती की टीमें नॉकआउट की रेस से बाहर हो चुकी हैं।

दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार नॉकआउट में पहुंचकर रचा इतिहास

दक्षिण अफ्रीका की टीम ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार नॉकआउट स्टेज में जगह बनाई है। बुधवार रात को हुए एक मैच में दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हरा दिया। मैच के 63वें मिनट में थेपेलो मसेको ने गोल कर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस जीत के साथ टीम 'ए' ग्रुप में 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम-32 में पहुंच गई। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका 1998, 2002 और 2010 में वर्ल्ड कप खेला था, लेकिन हर बार ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था।

कनाडा को 2-1 से हराकर स्विट्जरलैंड ग्रुप में नंबर 1

वैंकूवर: मेजबान कनाडा के खिलाफ ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में स्विट्जरलैंड ने 2-1 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ स्विस टीम 'बी' ग्रुप में टॉप पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंच गई। टीम ने 3 मैचों में 2 जीत और 1 ड्रॉ के साथ कुल 7 अंक हासिल किए। वहीं, यह मैच हारने के बावजूद कनाडा 4 अंकों के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर नॉकआउट में पहुंच गया। कनाडा ने भी पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट में क्वालिफाई करने का कारनामा किया है।