India Medal Tally 2026: नगोया पैरा एशियन गेम्स में भारत ने 30 गोल्ड समेत कुल 114 मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया है। 2023 के मुकाबले इस बार कम खिलाड़ी गए थे, फिर भी बैडमिंटन, जैवलिन और शूटिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।

India Wins 114 Medals: भारत ने 2026 पैरा एशियन गेम्स में मेडल की झड़ी लगाते हुए अपना अभियान खत्म किया है। वैसे तो गेम्स शनिवार को आधिकारिक तौर पर खत्म होंगे, लेकिन भारत के इवेंट्स शुक्रवार को ही पूरे हो गए। पांचवें दिन भारत ने 9 गोल्ड सहित 25 मेडल अपनी झोली में डाले। इसके साथ ही भारत के कुल 114 मेडल हो गए हैं, जिनमें 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

2023 में चीन के हांगझोऊ में हुए चौथे पैरा एशियाड में भारत ने 108 मेडल जीते थे। अब टीम इंडिया ने अपना ही वो रिकॉर्ड तोड़ दिया है। खास बात ये है कि 2023 में भारत ने 309 एथलीट भेजे थे, जबकि इस बार सिर्फ 168 खिलाड़ी ही नगोया गए। यानी 141 खिलाड़ी कम होने के बावजूद भारत ने पदकों का नया रिकॉर्ड बना दिया। फिलहाल मेडल टैली में भारत चौथे नंबर पर है और गेम्स खत्म होने तक इसमें बदलाव भी हो सकता है।

बैडमिंटन में जलवा:

शनिवार को बैडमिंटन में भारत को 3 गोल्ड मिले। मेन्स SL3 कैटेगरी के फाइनल में नितेश कुमार ने भारत के ही प्रमोद भगत को हराकर गोल्ड जीता। वहीं, SL4 कैटेगरी में नवीन शिवकुमार ने सोने पर निशाना साधा। विमेंस डबल्स LL3-SU5 कैटेगरी में मानसी जोशी और तुलसीमति मुरुगेसन की जोड़ी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारतीय शटलर्स ने 3 गोल्ड समेत कुल 16 मेडल के साथ अपना अभियान खत्म किया।

जैवलिन में क्लीन स्वीप:

मेन्स F 42-44/61-62 जैवलिन थ्रो में भारत ने सारे मेडल अपने नाम कर लिए। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन सुमित अंतिल ने 72.46 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड जीता। वहीं, महेंद्र गुर्जर को सिल्वर और संदीप सरगर को ब्रॉन्ज मेडल मिला।

मोना को दूसरा गोल्ड: पैरा शूटर मोना अग्रवाल ने इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा गोल्ड जीता। उन्होंने विमेंस 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 कैटेगरी में ये मेडल हासिल किया। इससे पहले मोना ने 10 मीटर एयर राइफल में भी गोल्ड जीता था।

हरविंदर ने भी जीता गोल्ड: पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विनय सुंदी ने रिकर्व आर्चरी के मेन्स डबल्स में गोल्ड मेडल जीता। फाइनल में इस जोड़ी ने चीन को मात दी।

किस खेल में भारत को कितने मेडल?

खेल - गोल्ड - सिल्वर - ब्रॉन्ज - कुल

एथलेटिक्स - 22 - 19 - 24 - 65

बैडमिंटन - 3 - 5 - 8 - 16

आर्चरी - 3 - 3 - 0 - 6

शूटिंग - 2 - 2 - 1 - 5

स्विमिंग - 0 - 3 - 8 - 11

पावरलिफ्टिंग - 0 - 2 - 0 - 2

जूडो - 0 - 1 - 1 - 2

टेबल टेनिस - 0 - 0 - 7 - 7

कुल - 30 - 35 - 49 - 114

4 खिलाड़ियों ने जीते 3-3 मेडल

इस टूर्नामेंट में भारत के 4 एथलीट्स ऐसे रहे, जिन्होंने 3-3 मेडल अपने नाम किए। आर्चरी में शीतल देवी ने 2 गोल्ड और 1 सिल्वर जीता। बैडमिंटन में तुलसीमति ने 1 गोल्ड और 2 सिल्वर हासिल किए। स्विमिंग में रवि बुदिगिना को 2 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मिला, जबकि स्विमिंग में ही हिमांशु नांदल ने 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते।