ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटकर पाकिस्तान हॉकी कप्तान शकील अम्माद बट ने PHF पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि होटल बुकिंग नहीं थी, खिलाड़ियों को सड़कों पर भटकना पड़ा और मैच से पहले बर्तन धोने पड़े। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जांच के आदेश दिए हैं।

Pakistan Hockey Team Australia Tour Controversy: पाकिस्तान की हॉकी टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा मैदान पर उनकी परफॉर्मेंस से कहीं ज्यादा बदइंतजामी के चलते सुर्खियों में है। टीम के कैप्टन शकील अम्माद बट ने पाकिस्तान लौटते ही अपने देश के हॉकी फेडरेशन (PHF) को आड़े हाथों लिया है। बट ने पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उनकी टीम को दौरे पर खराब अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

होटल बुकिंग नहीं, सड़कों पर भटकती रही टीम

लाहौर हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में बट ने कहा कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) उनसे झूठ बोल रहा था और अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि पानी सिर के ऊपर से गुजर गया है। कप्तान बट के मुताबिक, जब टीम एफआईएच प्रो लीग मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची, तो उन्हें होटल में बताया गया कि उनके नाम से कोई बुकिंग नहीं है। होटल को एडवांस पेमेंट नहीं किया गया था। खिलाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और होटल की व्यवस्था होने से पहले उन्हें सड़कों पर भटकना पड़ा।

मैच से पहले बर्तन धोने पड़े- शकील अम्माद बट

बट के मुताबिक, हालात इतने खराब थे कि खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले किचन साफ करने के साथ ही बर्तन तक धोने पड़े। उन्होंने सवाल उठाया, जब खिलाड़ी मैदान पर जाने से पहले ऐसे काम करेंगे, तो आप उनसे अच्छे नतीजों की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? उन्होंने साफ कहा कि मौजूदा प्रबंधन के रहते टीम आगे नहीं खेल सकती।

पाकिस्तान खेल बोर्ड की फंडिंग पर सवाल

सरकारी स्वामित्व वाले पाकिस्तान खेल बोर्ड (PSB) ने पुष्टि की थी कि उसने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए होटल व्यवस्था के नाम पर पीएचएफ को एक करोड़ से अधिक पाकिस्तानी रुपये दिए थे। इसके बावजूद होटल बुकिंग न होने से महासंघ की कड़ी आलोचना हो रही है। टीम को सिडनी हवाई अड्डे पर कैनबरा जाने वाली अगली उड़ान से पहले 13-14 घंटे तक इंतजार भी करना पड़ा।

एयरबीएनबी बुकिंग और सस्ता होटल

बट ने बताया कि एयरबीएनबी के जरिए केवल 10 दिन के लिए ही होटल बुक किया गया था, जबकि टीम को 13 दिन तक रुकना था। दस दिन पूरे होने के बाद खिलाड़ियों को एक सस्ते होटल में शिफ्ट होना पड़ा।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दिए जांच के आदेश

पीएसबी के महानिदेशक नूर उस सबाह ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वह इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। बता दें कि शरीफ पाकिस्तान हॉकी महासंघ के मुख्य संरक्षक भी हैं।

खिलाड़ियों को मीडिया से बात करने पर चेतावनी

बट ने यह भी खुलासा किया कि पीएचएफ ने खिलाड़ियों को मीडिया से बात न करने की चेतावनी दी थी। कहा गया था कि अगर किसी ने बयान दिया तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। कप्तान ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में जो कुछ टीम ने झेला, उसी के कारण वह खुलकर बोल रहे हैं।

विदेशी कोच और बेहतर मैनेजमेंट की मांग

बट ने कहा कि पाकिस्तान के पास अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन टीम को एक विदेशी कोच और बेहतर मैनेजमेंट की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर टीम को आगे बढ़ना है, तो ढांचे में बड़े बदलाव जरूरी हैं। बता दें कि पाकिस्तानी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मैच 2-3 से हार गई थी। दौरे के दौरान पाकिस्तान ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया के अलावा जर्मनी के खिलाफ भी मैच खेले, लेकिन टीम सभी मुकाबले हार गई।