मशहूर भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा का 72 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। छठ पूजा से पहले आई इस खबर से उनके फैन्स गहरे सदमे में हैं। 

 नई दिल्ली/पटना। बिहार की मशहूर भोजपुरी लोक गायिका शारदा सिन्हा का मंगलवार रात 5 नवंबर को निधन हो गया। उन्होंने 72 साल की उम्र में दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। छठ महापर्व के पहले ही दिन उनके निधन की खबर से फैन्स गहरे सदमे में हैं। बेटे अंशुमन सिन्हा ने मां की तस्वीर शेयर करते हुए उनके निधन की खबर की पुष्टि की। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पटना लाया गया है, जहां दोपहर 12 बजे के बाद लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार 6 नवंबर को ही पटना में किया जाएगा। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मां अब शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं..

बेटे अंशुमन सिन्हा ने शारदा सिन्हा की एक फोटो उनके इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा- आप सब की प्रार्थना और प्यार हमेशा मां के साथ रहेंगे। मां को छठी मइया ने अपने पास बुला लिया है। मां अब शारीरिक रूप में हम सब के बीच नहीं रहीं। बता दें कि 26 अक्टूबर को तबीयत बिगड़ने के बाद शारदा सिन्हा को दिल्ली स्थित एम्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। हालांकि, 4 नवंबर की शाम अचानक उनका ऑक्सीजन लेवल काफी गिर गया था, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

पीएम बोले- शारदा सिन्हा का जाना एक अपूरणीय क्षति

शारदा सिन्हा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने शोक जताते हुए कहा- लोकगायिका शारदा सिन्हा जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उनके गाए मैथिली और भोजपुरी के लोकगीत पिछले कई दशकों से बेहद पॉपुलर रहे हैं। आस्था के महापर्व छठ से जुड़े उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी। उनका जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!'

Scroll to load tweet…

छठी मइया उन्हें अपने पास बुला लीं - रवि किशन

भोजपुरी एक्टर और सांसद रवि किशन ने भी शारदा सिन्हा के निधन पर दुख जताते हुए कहा- स्वर की देवी हमारी संस्कृति के पहचान, जिनकी आवाज के बिना छठ पर्व शादी-विवाह सब अधूरा होता है, आज छठी मईया मां शारदा सिन्हा जी को अपने पास बुला लिए। छठी मइया इनको स्वर्ग प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति। इसके अलावा नीतीश कुमार, योगी आदित्यनाथ, अरविंद केजरीवाल, गिरिराज सिंह और शिवराज सिंह चौहान ने भी शारदा सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Scroll to load tweet…

22 सितंबर को हुआ था शारदा सिन्हा के पति का निधन

बता दें कि शारदा सिन्हा के पति बृजकिशोर सिन्हा का इसी साल 22 सितंबर को ब्रेन हेमरेज के चलते निधन हो गया था। पति की मौत के डेढ़ महीने बाद शारदा सिन्हा ने भी अंतिम सांस ली।

छठ से पहले आया शारदा सिन्हा का गाना

छठ पूजा से ठीक पहले शारदा सिन्हा का एक नया गाना रिलीज हुआ है। उनके ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज इस गीत के बोल हैं- दुखवा मिटाईं छठी मइया रउए आसरा हमार...।

ये भी देखें : 

नहाय-खाय से पारण तक, जानें छठ पर्व में चार दिन कब क्या होता है…