बिहार चुनाव 2025: 243 सीटों के लिए वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू। आज तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार के भाग्य का फैसला होगा। एग्जिट पोल में NDA को बढ़त है, लेकिन CM पद के लिए तेजस्वी पहली पसंद हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। राज्य की 243 सीटों पर जनता ने मतदान कर दिया है, और अब आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। आज ही वो दिन है जब तय होगा कि क्या तेजस्वी यादव सत्ता की कुर्सी तक पहुंचेंगे या नीतीश कुमार एक बार फिर सत्ता पर काबिज रहेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

46 काउंटिंग सेंटर, तीन लेयर की सुरक्षा और 2600 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

राज्यभर में 46 मतगणना केंद्रों पर 2600 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। चुनाव आयोग ने मतगणना की पूरी तैयारी पूरी कर ली है। काउंटिंग केंद्रों को तीन परतों की सुरक्षा में रखा गया है। पहली परत केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CISF, CRPF) संभालेगा, दूसरी बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस और तीसरी जिला पुलिस बल। सभी स्ट्रॉन्ग रूम्स 24 घंटे CCTV निगरानी में हैं। सभी प्रत्याशियों को लाइव CCTV फीड उपलब्ध कराई गई है। दूसरे चरण में 67.13% मतदान हुआ था। जो बिहार चुनावी इतिहास में सबसे ऊंचा रिकॉर्ड है।

एग्जिट पोल का दावा: NDA आगे, पर तेजस्वी हैं ‘जनता की पसंद’

11 अलग-अलग सर्वेक्षण संस्थाओं ने अपने एग्जिट पोल जारी किए हैं, जिनमें से 10 ने NDA को बहुमत की ओर बढ़त दिखाई है। Axis My India सर्वे के मुताबिक, NDA को 121-141 सीटें और महागठबंधन को 98-118 सीटें मिल सकती हैं। दिलचस्प यह है कि, मुख्यमंत्री पद के लिए 34% लोगों ने तेजस्वी यादव को अपनी पहली पसंद बताया। वोट शेयर के हिसाब से एनडीए को 43% और महागठबंधन को 41% वोट मिलने का अनुमान है। जन सुराज पार्टी को लगभग 4% वोट शेयर मिलने की संभावना है, हालांकि सीटें मिलने की संभावना बेहद कम है।

इन सीटों पर टिकीं सबकी निगाहें

  • राघोपुर (वैशाली) - लालू परिवार की विरासत वाली सीट पर तेजस्वी यादव और भाजपा के सतीश कुमार यादव के बीच सीधी लड़ाई है। यह वही सीट है जहां से कभी राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव ने जीत का परचम लहराया था। Exit polls तेजस्वी की जीत का संकेत दे रहे हैं, पर मार्जिन पर सबकी नजर है।
  • तारापुर (मुंगेर) - डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की साख दांव पर है। वे 15 साल बाद चुनाव मैदान में हैं।
  • यह सीट अगर भाजपा जीतती है तो पहली बार तारापुर बीजेपी के खाते में जाएगी।
  • मोकामा (पटना) - बाहुबली अनंत सिंह, राजद की वीणा देवी, और जन सुराज के पीयूष प्रियदर्शी में त्रिकोणीय मुकाबला है। यह सीट हमेशा से बिहार की सबसे विवादित और चर्चित मानी जाती रही है।
  • दानापुर (पटना) - भाजपा के रामकृपाल यादव बनाम राजद के रीतलाल यादव।
  • रीतलाल पर कई आपराधिक मुकदमे हैं, जबकि रामकृपाल जनता से ‘साफ छवि’ के नाम पर वोट मांग रहे हैं।
  • महुआ (वैशाली) - तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • यह सीट उनकी राजनीतिक ‘पुनर्वास परीक्षा’ मानी जा रही है।
  • अलीनगर (दरभंगा) - भाजपा की मैथिली ठाकुर का पहला चुनाव।
  • छपरा - भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव राजद से मैदान में हैं।

काउंटिंग प्रक्रिया

14 नवंबर को सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट्स की गिनती पहले होगी। 30 मिनट बाद EVM काउंटिंग शुरू होगी। कुल 4,372 टेबलों पर करीब 5 करोड़ वोटों की गिनती होगी। सभी केंद्रों पर प्रत्याशियों के एजेंट और चुनाव पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे।