बिहार चुनाव 2025 से पहले तेजस्वी यादव ने महिलाओं के लिए MAA और BETI योजना का एलान किया। इस योजना में मकान, अन्न, आमदनी और शिक्षा, ट्रेनिंग, इनकम पर जोर दिया गया है। जीविका दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने का वादा भी किया गया।

बिहार की राजनीति में महिला वोटरों को साधने की रणनीति अब और तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो वे महिलाओं के लिए “MAA और BETI योजना” लागू करेंगे। इस घोषणा ने बिहार की सियासत में नया जोश भर दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या है MAA-BETI योजना?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने बताया कि MAA योजना का मतलब है : M - मकान, A - अन्न, और A - आमदनी। 

वहीं BETI योजना का अर्थ है: B - बेनेफिट, E - एजुकेशन, T - ट्रेनिंग, और I - इनकम। तेजस्वी ने कहा कि इन दोनों योजनाओं के ज़रिए महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत किया जाएगा।

पहले किया था ‘माई बहिन मान’ योजना का ऐलान

तेजस्वी यादव ने इससे पहले भी महिलाओं के लिए ‘माई बहिन मान योजना’ की घोषणा की थी। इस योजना के तहत हर महिला को ₹2500 प्रति माह देने का वादा किया गया था। तेजस्वी ने यह भी स्पष्ट किया था कि यह किसी प्रकार का लोन नहीं होगा, बल्कि सीधे सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा था कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो 20 दिनों के भीतर इस योजना को लागू करने के लिए कानून बनाया जाएगा।

हर परिवार को नौकरी देने का दावा

महिलाओं के अलावा बेरोजगारी के मुद्दे पर भी तेजस्वी ने बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि बिहार में हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उनके अनुसार, यह वादा केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि उनकी सरकार बनने पर प्राथमिक कार्य होगा।

जीविका दीदियों को स्थायी नौकरी का भरोसा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजस्वी यादव ने जीविका दीदियों को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में इन महिलाओं का शोषण हुआ है। तेजस्वी ने दावा किया कि उनकी सरकार बनते ही सभी जीविका दीदियों को स्थायी सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाएगा और मासिक वेतन ₹30,000 तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के कई जिलों में अपने दौरे के दौरान उन्होंने जीविका समूहों से बात की है और उनकी समस्याओं को करीब से समझा है।

तेजस्वी का फोकस — महिलाओं के भरोसे सत्ता में वापसी

तेजस्वी यादव के हालिया बयानों से साफ है कि वे बिहार चुनाव 2025 में महिलाओं को केंद्र में रखकर चुनावी रणनीति बना रहे हैं। ‘MAA-BETI योजना’ और ‘माई बहिन मान’ जैसी घोषणाएं न सिर्फ सशक्तिकरण का संदेश देती हैं, बल्कि बिहार की आधी आबादी को राजनीतिक रूप से प्रभावित करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही हैं।