Bihar News: बिहार के भोजपुर में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जहां पत्नी द्वारा हर महीने पति की सैलरी लेने और खर्च पर नियंत्रण रखने से तंग आकर पति ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। 

Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले के अजीमाबाद थाना क्षेत्र के करवासिन सतियारा टोला गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 22 वर्षीय सावित्री कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम गेनू कुमार है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अपने खर्चों के लिए पति से मांगने पड़ते थे पैसे

जानकारी के अनुसार, गेनू कुमार प्राइवेट नौकरी करता था और अपनी सैलरी पत्नी सावित्री कुमारी के बैंक खाते में जमा करता था। सावित्री सैलरी निकालकर पैसों पर अपना कंट्रोल रखती थी, जिससे गेनू को अपने खर्चों के लिए भी पत्नी से पैसे मांगने पड़ते थे। इसकी वजह से अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।

सबूत मिटाने के लिए नदी के किनारे जलाई डेड बॉडी

2 अप्रैल की रात, इसी विवाद के चलते दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर गेनू ने पहले सावित्री की बेरहमी से पिटाई की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद, सबूत मिटाने के मकसद से उसने सावित्री के शव को सोन नदी के किनारे ले जाकर जला दिया।

पुलिस ने मृतका की जली हुई हड्डियां की बरामद

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी गेनू कुमार को अरेस्ट कर लिया। उसकी निशानदेही पर सोन नदी के किनारे से सावित्री की जली हुई हड्डियां बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गेनू ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने मृतका के मायके वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। उनमें पति समेत 7 लोग शामिल हैं।

क्यों हुआ विवाद?

सावित्री कुमारी का मायका पटना जिले के दुल्हिनगंज गांव में था। उनकी शादी गेनू कुमार से 2019 में हुई थी, और उनके तीन बच्चे-दो बेटे और एक बेटी हैं। शादी के बाद से ही गेनू और सावित्री परिवार से अलग रह रहे थे। गेनू की दो बहनों की शादी की बात चल रही थी, जिसके लिए परिवारवालों ने उनसे आर्थिक सहायता मांगी थी। सावित्री द्वारा पैसे न देने के कारण यह विवाद और बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के तूल पकड़ने के बाद यह वारदात हुई।