Bihar News: जेडीयू विधायक गोपाल मंडल होली मिलन में अश्लील डांस और गानों पर झूमने के चलते विवादों में घिर गए हैं। एडीजी मुख्यालय ने कहा- बेल नहीं ली तो हो सकती है जेल। पुलिस ने अश्लील गानों और तेज आवाज वाले डीजे पर भी सख्ती के निर्देश दिए।

Bihar News: बिहार की राजनीति में विवादित बयानों और अजीबोगरीब हरकतों के लिए चर्चित जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक गोपाल मंडल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वे होली मिलन समारोह में अश्लील गानों पर झूमने की वजह से विवादों में घिर गए हैं। इस घटना के बाद बिहार पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस ने क्या कहा?

मुख्यालय एडीजी कुंदन कृष्णन ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफआईआर में बेल मिलने योग्य धाराएं लगाई गई हैं। अगर गोपाल मंडल बेल नहीं लेते हैं तो उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि वे किसी भी सूरत में कार्रवाई से नहीं बच पाएंगे।

बिहार पुलिस का सख्त संदेश

मुख्यालय एडीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि बिहार पुलिस का सख्त संदेश है कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाने नहीं बजाए जाएं। बिहार में अश्लीलता और अनुशासनहीनता को बढ़ावा देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन बेलगाम लोगों की हरकतों पर रोक लगाने की कोशिश कर रहा है। अश्लील गानों और तेज आवाज वाले डीजे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को इस सिलसिले में निर्देश दिया है। किसी भी सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाना बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। आने वाले दिनों में होली, रामनवमी और अन्य त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।

बिहार के डीजीपी ने क्या कहा?

बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने गोपाल मंडल के इस व्यवहार को "दुर्भाग्यपूर्ण" बताया। उन्होंने कहा कि कोई महिला के गाल पर जाकर नोट साट रहा है, यह बहुत भद्दा और शर्मनाक है। DGP ने कहा, "अगर कोई 55 साल का व्यक्ति बुढ़ापे में डांस देख रहा है, तो उसका बच्चा आगे चलकर बलात्कारी ही बनेगा।"