Bihar ka Mausam: बिहार में मानसून फिर सक्रिय, कई जिलों में हल्की बारिश। 15 जुलाई के बाद और तेज़ बारिश की उम्मीद। 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी।

Bihar Weather Update: पिछले कुछ दिनों से बिहार में मानसून की अनुपस्थिति के कारण तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा था। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, एक-दो जिलों को छोड़कर कहीं भी बारिश नहीं हुई। हालांकि, गुरुवार देर रात मौसम ने करवट ली और बदलाव देखने को मिला। पूरे राज्य में घने बादल छाए रहे और पटना समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में भी गिरावट आई है। पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और 15 जुलाई के बाद इसका असर और स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। तब तक रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रहने की संभावना है। आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और राज्य के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में अब तक सामान्य से 52% कम बारिश हुई है। सबसे ज़्यादा बारिश की कमी सहरसा जिले में दर्ज की गई। गया को छोड़कर बाकी सभी ज़िलों में सामान्य से कम बारिश हुई। सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सीतामढ़ी और मुज़फ़्फ़रपुर समेत 20 ज़िलों में बेहद कम बारिश हुई। राजधानी पटना में भी औसतन 45 से 50% कम बारिश दर्ज की गई है।

18 जिलों में रहेगा येलो अलर्ट

शुक्रवार से सावन का महीना शुरू हो गया है और इसके साथ ही बिहार में मानसून ने भी दस्तक दे दी है। गुरुवार की तरह आज भी पश्चिम बिहार के पटना, पश्चिमी चंपारण, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, बक्सर और भभुआ में बादल छाए रहने का अमुमान है, साथ ही हल्की बारिश की संभावना भी जताई जा रही है। मौसम विभाग ने पटना समेत 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है, जबकि अन्य जिलों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई ख़ास बदलाव नहीं होने वाला है। वहीं, पश्चिमी और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ इलाकों में एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गरज के साथ छींटे पड़ने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- Good News: कुछ ही घंटों बाद 1 करोड़ लोगों के खाते में आएगी 1227 करोड़, नीतीश सरकार ने पूरा किया वादा

बिहार में कैसा रहेगा शुक्रवार का मौसम

बिहार के विभिन्न शहरों में तापमान की स्थिति में थोड़ा अंतर देखा गया है। पटना में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां आर्द्रता का स्तर 93% रहा। मुजफ्फरपुर में तापमान थोड़ा ज़्यादा रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया है, जबकि आर्द्रता 38% रही। गया में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा, जहां तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और आर्द्रता 28% रही। भागलपुर में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, साथ ही आर्द्रता 41% रही। पूर्णिया में भी मौसम गर्म और अपेक्षाकृत शुष्क रहा, जहां तापमान 31.4°C से 26.1°C के बीच रहा तथा आर्द्रता 38% रही।

ये भी पढ़ें- Big News: बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन को रोकने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार लेकिन आयोग की मंशा पर उठाए सवाल