कटिहार में बाढ़ग्रस्त इलाके का दौरा करते हुए कांग्रेस सांसद तारिक अनवर का कंधों पर बैठकर कीचड़ पार करने का वीडियो वायरल। कांग्रेस इसे जनसेवा बता रही है, जबकि विपक्ष इसे राजनीतिक ड्रामा कहकर आलोचना कर रहा है।

कटिहारः बिहार की राजनीति में इन दिनों एक वीडियो ने हलचल मचा दी है, जिसमें कांग्रेस सांसद तारिक अनवर को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों के कंधों पर बैठकर कीचड़ से भरी सड़कों को पार करते देखा गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर बहस छिड़ गई है। कोई इसे मानवीय संवेदनशीलता बता रहा है तो कोईइसे राजनीति का ड्रामा कह रहा है।

मामला क्या है?

यह घटना कटिहार जिले के बरारी और मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के धुरियाही पंचायत की है, जहाँ हाल ही में आई भीषण बाढ़ ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सांसद तारिक अनवर दो दिवसीय दौरे पर बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे। ट्रैक्टर से सफर करने के बाद जब कीचड़ से भरे रास्तों पर चलना मुश्किल हो गया, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें अपने कंधों पर बैठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि आसपास बाढ़ का पानी फैला है और सड़क का कोई स्पष्ट रास्ता नजर नहीं आ रहा।

Scroll to load tweet…

कांग्रेस का पक्ष

वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने इस घटना का बचाव करते हुए कहा कि सांसद की तबीयत सही नहीं थी और जनता ने उन्हें सम्मान और मदद के भाव से कंधों पर उठाया। उन्होंने कहा, कि यह दृश्य जनता का हमारे सांसद पर जो भरोसा है उसी का प्रतीक है। सांसद ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और उनका दर्द साझा किया है। कांग्रेस इसे जनसेवा और आपसी आत्मीयता का उदाहरण मान रही है।

विपक्ष ने की आलोचना

वहीं विपक्ष ने इस वीडियो को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उनका आरोप है कि यह संवेदनशीलता नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रचार का तरीका है। कुछ नेताओं का कहना है कि जनता की मदद करने के बजाय यह दिखावा किया गया, जिससे लोकतंत्र में नेताओं की गरिमा पर सवाल उठते हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग दो खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं, कुछ इसे मानवता का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि अन्य इसे मज़ाक और राजनीति की करतूत कहकर ट्रोल कर रहे हैं।