Hero Asia Cup 2025: हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से 7 सितंबर तक बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में होगा। एशिया की टॉप टीमें वर्ल्ड कप क्वालीफिकेशन के लिए भिड़ेंगी।

Hero Asia Cup 2025: बिहार का ऐतिहासिक शहर राजगीर, हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी करेगा। इसका आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। इस सिलसिले में हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) हुआ है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर 2025 तक राजगीर के हाल ही में विकसित हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा, जो 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए एक क्वालिफाइंग इवेंट भी होगा। टूर्नामेंट का विजेता सीधे विश्व कप में प्रवेश पाएगा, इस वजह से यह टूर्नामेंट और भी रोमांचक हो गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नवंबर 2024 में हो चुका है एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन

राजगीर पहले भी अंतरराष्ट्रीय खेलों का आयोजन कर चुका है। नवंबर 2024 में, महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन यहीं हुआ था, जिसमें भारत ने खिताब जीता था। अब हीरो एशिया कप 2025 के आयोजन से यह शहर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के नक्शे पर एक बार फिर चमकने को तैयार है। बिहार के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र का कहना है कि इस टूर्नामेंट को विश्वस्तरीय बनाने की उम्मीद है।

हीरो एशिया कप 2025 में भाग लेने वाली टीमें

इस टूर्नामेंट के 12वें वर्जन में आठ टीमें भाग लेंगी, जिनमें भारत, जापान, पाकिस्तान, कोरिया, मलेशिया और चीन शामिल हैं। इसके अलावा शेष दो टीमें एएचएफ कप के माध्यम से क्वालीफाई करेंगी। अब तक एशिया कप में साउथ कोरिया सबसे सफल टीम रही है, जिसने 5 बार खिताब जीता (1994, 1999, 2009, 2013, 2022)। भारत और पाकिस्तान ने 3-3 बार यह टूर्नामेंट जीता है।

क्या कहते हैं हॉकी के दिग्गज?

एशियन हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष, दातो फुमियो ओगुरा ने कहा, यह टूर्नामेंट विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग इवेंट होंगे। इस वजह से मुकाबले बहुत प्रतिस्पर्धी होंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की का मानना है कि राजगीर में हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 का आयोजन भारतीय हॉकी के लिए एक अहम कदम है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल एशियाई हॉकी टीमों का बेहतरीन खेल दिखाएगा, बल्कि भारत और इस इस खेल को एक नई ऊंचाई देगा।