मोकामा में अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली। उन्होंने सम्राट चौधरी के साथ रोड शो कर इसे षड्यंत्र बताया। सिंह ने कार्यकर्ताओं से मनोबल ऊंचा रखकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।

मोकामा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी उस वक्त और तेज़ हो गई, जब जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी और जेल भेजने के बाद केंद्रीय मंत्री व जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने खुद चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली। रविवार को ललन सिंह ने मोकामा में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया, जिसमें सैकड़ों गाड़ियों का काफिला निकला। इस रोड शो में ललन सिंह के साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहें। अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद यह पहला बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन था, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखना और वोटरों को एकजुट करना था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हर कार्यकर्ता अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़ेगा

मोकामा रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने सीधे तौर पर दुलारचंद यादव हत्याकांड को एक "षड्यंत्र" बताया। उन्होंने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर कहा, "अनंत बाबू थे तो मेरी जिम्मेदारी कम थी, आज वो नहीं हैं तो मैंने आज से मोकामा चुनाव की कमान संभाल ली है।" ललन सिंह ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश भरते हुए कहा, "हम सभी का दायित्व है कि एक-एक व्यक्ति अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े। मनोबल पूरा ऊंचा रखना है। मनोबल ऊंचा रख के इस षड्यन्त्र का जवाब देना है।"

'नीतीश के कानून राज का किया सम्मान

ललन सिंह ने अनंत सिंह की जेल जाने की घटना को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'कानून के राज' से जोड़ा। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के कानून के राज का सम्मान किया और सम्मान करके ही आज वह यहाँ पर नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की पुलिस गहन जांच कर रही है और "जल्द ही षड्यंत्र का खुलासा हो जाएगा" और साजिश करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री ने अपील की, "पूरा बिहार अब नीतीश-मोदी की जय जय कर रहा है, हम लोग नीतीश जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं।" उन्होंने कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि इस षड्यंत्र का कोई रोल नहीं है और यह घटना अपने आप नहीं हुई, पुलिस जांच में सारे षड्यन्त्र का खुलासा होगा।