Bihar weather condition: बिहार में अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी के साथ-साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी देखने को मिलेगी। मानसून के जल्द ही पूरे राज्य में सक्रिय होने की उम्मीद है।

Bihar Weather Update: अगले तीन दिनों तक बिहार का मौसम दोहरा तेवर दिखाएगा, जिसमें कुछ जिले उमस भरी गर्मी की चपेट में रहेंगे, तो कुछ में हल्की से मध्यम बारिश राहत दे सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, बिहार के सीमावर्ती इलाकों में मानसून ने दस्तक दे दी है और अगले कुछ दिनों में यह पूरे राज्य में सक्रिय हो सकता है। हालांकि, इस बीच तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मंगलवार तक सताएगी उमर वाली गर्मी

दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद और लखीसराय जिलों में शनिवार से मंगलवार तक उमस भरी गर्मी सताएगी। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। शुक्रवार को डेहरी में सबसे अधिक 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो गर्मी की तीव्रता को दर्शाता है। हवा में नमी (60-70%) और हल्की हवाएं (10-15 किमी/घंटा, पूर्वी दिशा) उमस को और बढ़ाएंगी, जिससे लोग असहज महसूस करेंगे।

यहां हो सकती है बारिश

उत्तर-पश्चिम बिहार (पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण) और उत्तर-मध्य बिहार (सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर) के कुछ हिस्सों में 31 मई से 2 जून तक एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात के साथ 0.1-0.6 मिमी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, बारिश के बावजूद इन जिलों में तापमान स्थिर रहेगा और अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री के आसपास रहेगा। किशनगंज, अररिया और पूर्णिया जैसे अन्य जिलों में भी छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी और उमस का असर बरकरार रहेगा।

4 जून तक मानसून आने की उम्मीद

मानसून आने से पहले बिहार में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के 4 जून तक बिहार में प्रवेश करने की उम्मीद है, लेकिन तब तक गर्मी और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। शुक्रवार को हवा में धुंध और खराब वायु गुणवत्ता (AQI 150-200) ने संवेदनशील समूहों के लिए स्वास्थ्य जोखिम बढ़ा दिया। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि बुजुर्ग, बच्चे और सांस के मरीज बाहर कम समय बिताएं।