बिहार में जन सुराज नेता प्रशांत किशोर और उनके संगठन के करीब 2000 कार्यकर्ताओं के खिलाफ बुधवार (23 जुलाई, 2025) को पटना में FIR दर्ज की गई है।

बिहार में चुनाव को लेकर राजनीतिक दल काफी सक्रिय हैं। राज्य में इस समय विधानसभा सत्र भी चल रहा है। इसी बीच, बिहार चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ रहे जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर समेत 2000 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला पटना में जन सुराज द्वारा आयोजित प्रदर्शन का है। प्रशासन का कहना है कि यह प्रदर्शन प्रतिबंधित क्षेत्र में किया गया था। ऐसे में प्रशांत किशोर समेत 2000 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पटना सिटी एसपी ने इसकी पुष्टि की है। इस प्रदर्शन के दौरान जन सुराज के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस से हुई झड़प

बता दें कि बुधवार को जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों समर्थकों के साथ बिहार विधानसभा का घेराव करने निकले थे। जैसे ही जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता चितकोहरा गोलंबर के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। दोनों तरफ से धक्का-मुक्की हुई। जन सुराज का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

हाथापाई पर पीके बोले- जंग शुरू हो गई है

हाथापाई के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, अभी तो जंग शुरू हुई है। हम इनका जीना हराम कर देंगे। अभी तीन महीने बाकी हैं। इन्हें नहीं पता कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है। ये इन भ्रष्ट लोगों को हटाना चाहती है। ये लोग सदन में और पुलिस के पीछे नहीं छिप सकते।

उन्होंने कहा, पुलिस का क्या? वो तो ऊपर बैठे लोगों के हिसाब से काम करती है। पुलिस अपना काम कर रही है और हम अपना काम कर रहे हैं। पुलिस ने हमें रोका है, हम फंसे हुए हैं। ये लोकतंत्र है। जब मन करेगा, उठकर चले जाएंगे।" इस दौरान खूब हंगामा हुआ। जन सुराज के कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं।

पीके और 2000 लोगों पर एफआईआर

मालूम हो कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। इस ऐलान के बाद बड़ी संख्या में लोग पटना पहुंच गए। जन सुराज पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि यह प्रदर्शन पूर्व निर्धारित योजना के तहत तीन प्रमुख मुद्दों पर किया जा रहा है। अब इस मामले में प्रशांत किशोर समेत दो हजार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।