छत्तीसगढ़ की मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। जानिए दोनों खिलाड़ियों का संघर्ष और टीम इंडिया तक का सफर।
छत्तीसगढ़ की धरती लगातार खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दे रही है। इस बार राज्य के लिए गर्व का मौका इसलिए खास है क्योंकि बिलासपुर के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो युवा खिलाड़ियों ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में जगह बनाई है। जशपुर की मधु सिदार और कबीरधाम की गीता यादव अब चीन में होने वाले जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह चयन न केवल दोनों खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि राज्य में तैयार हो रहे खेल ढांचे की भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
चीन में एशिया कप में दिखाएंगी अपनी प्रतिभा
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित मधु सिदार और गीता यादव आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में हिस्सा लेंगी। दोनों खिलाड़ी फिलहाल बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और टूर्नामेंट की तैयारियों की जानकारी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी उनके चयन को राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
यह भी पढ़ें: 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने बढ़ाया पहला बड़ा कदम, जानिए 13 सदस्यीय टीम में किसे क्या मिला
मधु सिदार का गांव से टीम इंडिया तक का सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप जैसे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है।
वर्ष 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। मधु ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी हिस्सा लिया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।
गीता यादव पहले भी पहन चुकी हैं टीम इंडिया की जर्सी
कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव पहले से ही मजबूत रहा है। उन्होंने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर पहली बार भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद उन्होंने 2025 में अर्जेंटीना और 2026 में इंग्लैंड तथा स्कॉटलैंड दौरे में भी भारत की ओर से खेला।
दोनों खिलाड़ी बिलासपुर की प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। अब चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में इन दोनों से भारत और छत्तीसगढ़ को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
यह भी पढ़ें: लाखों बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंदों को मिला सहारा... छत्तीसगढ़ ने कैसे बदली तस्वीर?
