मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुलदुला छठ घाट में सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने दुलदुला छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की घोषणा की और जनता के स्नेह को अपनी प्रेरणा बताया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने छठ महापर्व के अवसर पर जशपुर जिले के दुलदुला छठ घाट पहुंचकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस पवित्र पर्व में सम्मिलित होने का अवसर मिला।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री ने छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की घोषणा की

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दुलदुला क्षेत्रवासियों की मांग पर छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी छठ पर्व तक दुलदुला छठ घाट को पूर्ण रूप से सुंदर और सुसज्जित बना दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुनकुरी छठ घाट का सौन्दर्यीकरण लगभग ₹5 करोड़ 17 लाख की लागत से पूरा किया गया है। यहाँ इस वर्ष व्रती महिलाएँ पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना कर रही हैं।

जनता के विश्वास से जनसेवा का अवसर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह से ही उन्हें जनसेवा का अवसर मिला है। वे क्षेत्र के विकास और जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

छठ पूजा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत दुलदुला अध्यक्ष श्री रामकुमार सिंह, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और छठ व्रत करने वाली महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।